रामगढ़ सदर अस्पताल में लापरवाह डॉक्टर्स और कर्मियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित ! औचक निरीक्षण के दौरान DC ने दिए निर्देश
रामगढ़ सदर अस्पताल DC ऋतुराज औचक निरीक्षण पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई की कमी, मरीजों को हो रही असुविधा, तथा विभिन्न सेवाओं के लिए किए जा रहे भुगतान की समुचित एवं पारदर्शी लेखांकन व्यवस्था में अनियमितताएं पाई.

Ramgarh / Jharkhand (Report By- Sanjay): रामगढ़ DC ऋतुराज ने सदर अस्पताल रामगढ़ का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, ओपीडी, वार्ड, पंजीयन काउंटर, दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न इकाइयों का विस्तृत जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान डीसी ने अस्पताल में साफ-सफाई की कमी, मरीजों को हो रही असुविधा, तथा विभिन्न सेवाओं के लिए किए जा रहे भुगतान की समुचित एवं पारदर्शी लेखांकन व्यवस्था में अनियमितताएं पाई. इसपर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सदर अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए. इसके अतिरिक्त, एक बीपीएल मरीज द्वारा पंजीयन काउंटर पर 5 रुपए की अवैध मांग किए जाने की शिकायत प्राप्त मिली जिसे लेकर उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए.

जांच में शिकायत सही पाए जाने पर DC ने पंजीयन कर्मी के विरुद्ध जांच कमेटी गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया. जांच कमिटी के सुझाव के आधार पर इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही एबीडीएम (आधार बेस्ड डिजीटल मोनिटरिंग) कार्यों का जायजा लेने के क्रम कार्य काफी धीमी गति से होना सामने आया जिसपर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
इसके बाद उपायुक्त ने सदर अस्पताल स्थित विभिन्न सेवाओं, डेंटल ओपीडी, आई ओपीडी आदि का जायजा लिया जहां पर साफ सफाई की कमी एवं चीजें अस्त-व्यस्त पाई गई. इस लापरवाही को लेकर उपायुक्त सदर अस्पताल रामगढ़ के सभी चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मियों का वेतन अगले आदेश तक के लिए स्थगित करने का निर्देश दिए है. साथ ही सभी को एक हफ्ते के भीतर अस्पताल की व्यवस्था, अनुशासन, साफ-सफाई, सेवा गुणवत्ता एवं वित्तीय पारदर्शिता में ठोस सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

मौके पर डीसी ने साफ-सफाई की कमी, मरीजों को हो रही असुविधा तथा भुगतान संबंधी अनियमितताओं को लेकर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा. उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री रखरखाव योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत हो रहे कार्यों की भी समीक्षा की एवं लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सरलता पूर्वक पहुंचने का निर्देश दिया.
डीसी ने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य कर्मी समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, दवाओं की नियमित उपलब्धता बनी रहे तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता मानकों का कड़ाई से अनुपालन हो. इन सब के अलावा उपायुक्त ने सदर अस्पताल रामगढ़ से बिना किसी वैध कारण के मरीजों को रेफर करने से संबंधित मामले प्रकाश में आने पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में रिपेयरिंग के दौरान पलटा पानी से भरा टैंकर, दबकर चालक की मौत, एक घायल

जुमार नदी के तट पर मुक्ति संस्था ने 36 अज्ञात शवों का पूरे विधि विधान से किया अंतिम संस्कार







