अमन और भाईचारे का संदेश देगा जुलूस-ए-मोहम्मदी, 26 अगस्त को जमशेदपुर में भव्य तैयारियां, T-Shirt में मुस्तैद रहेंगे वालेंटियर
जमशेदपुर में 26 अगस्त को 18वें मुत्तहिदा जुलूस-ए-मोहम्मदी की भव्य तैयारी है। 500 से अधिक वालेंटियर्स तैनात रहेंगे और जुलूस के जरिए अमन, भाईचारे व इंसानियत का संदेश दिया जाएगा।

जमशेदपुर में ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर 26 अगस्त को निकलने वाले 18वें 'मुत्तहिदा जुलूस-ए-मोहम्मदी' को लेकर तैयारियां पूरी रफ्तार से चल रही हैं। इस आयोजन को अनुशासित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तंजीम अहले सुन्नत जमात द्वारा पूरे शहर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। धातकीडीह स्थित मदरसा फैजुल उलूम में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में तंजीम के जनरल सेक्रेटरी और इस्लामिक स्कॉलर मुफ्ती जियाउल मुस्तफा कादरी ने जानकारी दी कि इस वर्ष पैगंबर-ए-इंसानियत हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के दुनिया में तशरीफ लाने के 1501 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी खास मौके पर इस बार जुलूस को बेहद भव्य रूप दिया जा रहा है।
जुलूस में बांटी जाएंगी किताबें और तोहफे
इस जुलूस के जरिए समाज में शांति, इंसानियत और आपसी सौहार्द का पैगाम दिया जाएगा। शहर की तमाम मस्जिदों, मदरसों और प्रमुख चौक-चौराहों को बैनरों से सजाया गया है। तंजीम ने अपील की है कि जुलूस में शामिल लोग केवल खाना और तोहफे ही नहीं, बल्कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किताबें और पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी सामग्री भी बांटे। उलेमा-ए-कराम की अगुवाई में निकलने वाले इस जुलूस में हजारों अकीदतमंद पूरी सादगी और अनुशासन के साथ शामिल होंगे।
एम्बुलेंस के लिए तुरंत खाली कराया जाएगा रास्ता
जुलूस की व्यवस्था और यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए 500 से अधिक वालेंटियर्स की तैनाती की जा रही है। ये सभी वालेंटियर्स सेफ्टी T-Shirt और पहचान पत्र के साथ मुस्तैद रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति में एम्बुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों के लिए रास्ता तुरंत साफ कराने की जिम्मेदारी इन्हीं वालेंटियर्स के पास होगी। तंजीम अहले सुन्नत जमात ने सभी लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और पूरे आयोजन के दौरान अमन और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







