बच्चों की थाली में मिला कीड़ा! अरेराज के स्कूल में MDM की व्यवस्था पर सवाल
मोतिहारी के अरेराज प्रखंड स्थित जीपीएस रढ़िया कन्या विद्यालय में बच्चों को परोसे गए एमडीएम के चावल में कीड़ा मिलने की बात सामने आई है। बच्चों ने खाना छोड़ दिया। अब भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।


मोतिहारी। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन देने की महत्वाकांक्षी योजना पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अरेराज प्रखंड के जीपीएस रढ़िया कन्या विद्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बच्चों को परोसे गए एमडीएम के चावल में कीड़ा मिलने की बात सामने आई। थाली में कीड़ा देखते ही बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई बच्चों ने खाना फेंक दिया।
भूखे बच्चे भोजन किए बिना ही घर लौट गए। हैरानी की बात यह है कि एक तरफ बच्चों की थाली में कीड़ा मिला, तो दूसरी तरफ मेनू के मुताबिक सब्जी भी गायब मिली। यानी जिस भोजन को बच्चों के लिए पौष्टिक बनाने का दावा किया जाता है, उसी थाली में गुणवत्ता और मेनू - दोनों की कथित तौर पर अनदेखी होती दिखी।
थाली में कीड़ा मिला तो बच्चों ने खाना छोड़ा
विद्यालय के एचएम के अनुसार, स्कूल में भोजन एक एनजीओ के माध्यम से पहुंचाया गया था। बच्चे जैसे ही खाना शुरू किए, उनकी थाली में कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद बच्चों ने भोजन करना छोड़ दिया। बताया गया कि गुरुवार के निर्धारित मेनू के अनुसार चावल, मिश्रित दाल और हरी सब्जी दिया जाना था, लेकिन स्कूल में मेनू के अनुरूप भोजन नहीं मिला। चावल और दाल में नेनुआ मिलाकर सब्जी दी गई थी।
मामला सामने आने के बाद एमडीएम व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। BRP विनोद कुमार से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भोजन में कीड़ा मिलने की जानकारी उन्हें अभी नहीं मिली है। वहीं मेनू की जानकारी लेने पर उन्होंने गुरुवार को चावल, मिश्रित दाल और हरी सब्जी दिए जाने की बात बताई।
दो दिन पहले ही दिया गया था सुधार का निर्देश
इधर, बीईओ सत्यवीर कुमार ने भोजन में कीड़ा मिलने को गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि वह जिला मुख्यालय में हैं और मामले की त्वरित जांच कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मिश्रित दाल की जगह सब्जीयुक्त दाल दिए जाने के मामले में दो दिन पहले ही जांच हुई थी और NGO को भोजन की गुणवत्ता में सुधार का सख्त निर्देश दिया गया था।
अब सवाल यह है कि जब दो दिन पहले ही सुधार का निर्देश दिया गया था, तो फिर बच्चों की थाली में कीड़ा कैसे पहुंच गया? आखिर एमडीएम की गुणवत्ता की निगरानी करने वाला तंत्र कहां था? और मेनू के मुताबिक मिलने वाली सब्जी बच्चों की थाली तक पहुंचने से पहले आखिर किसकी थाली में चली गई?
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

हर घर तिरंगा यात्रा पर बवाल, 13 शिक्षकों की शिकायत लेकर BDO के पास पहुंचे प्राचार्य

19 अगस्त को पटना में बड़ा मार्च, छात्रों के मुद्दे पर तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान







