मध्यप्रदेश के इंदौर ने बनाया World Record, 10 हजार लोगों ने एक साथ किया भ्रामरी प्राणायाम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इंदौर ने एक साथ 10,000 से अधिक लोगों द्वारा सामूहिक भ्रामरी प्राणायाम करने का एशिया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है. यह ऐतिहासिक कीर्तिमान इंदौर नगर निगम के "योगमित्र अभियान" के तहत आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्थापित हुआ.

MP World Record : मध्यप्रदेश के इंदौर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम इंदौर के योग मित्र अभियान के तहत गौपुर चौराहे पर आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में शहर ने एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया. महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में आयोजित इस आयोजन में 10 हजार योग साधकों ने एक साथ 3 मिनट 19 सेकंड तक भ्रामरी प्राणायाम कर एशिया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया.

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे. सुबह 6 बजे शुरू हुए आयोजन में म्यूजिकल योग प्रस्तुतियों के साथ योग प्रशिक्षक चेतना जोशी तिवारी ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया. इस अवसर पर योग मित्र अभियान की अधिकृत वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया.

योग एवं समाजसेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम गोयल, राम गोपाल व्यास और सपना पाल को 'योग अलंकरण सम्मान' से सम्मानित किया गया. केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो आज विश्व के 151 देशों तक पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है.
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने योग को भारत की अमूल्य पूंजी बताते हुए कहा कि यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन, आत्मा और बुद्धि का समन्वय है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर के 85 वार्डों में 140 स्थानों पर प्रतिदिन 10 हजार से अधिक लोग योग करते हैं. उन्होंने विश्व कीर्तिमान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित करते हुए कहा कि जनभागीदारी, प्रेम और सौहार्द ही इंदौर को देश का नंबर वन शहर बनाए रखने की ताकत है.
(अशोक सोनी की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
BRICS सुरक्षा एजेंडे की कमान भारत के हाथ, 22 जून से नई दिल्ली में अहम बैठक

पहाड़पुर में आदिवासी आस्था को नमन, President Droupadi Murmu और PM Narendra Modi ने विकास की नई इबारत लिखी







