जमुई में बेटा नहीं होने के कारण पत्नी की गला रेतकर हत्या, पति पर अवैध संबंध और प्रताड़ना का आरोप
बिहार के जमुई में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. महज इस कारण कि पत्नी से उसे बेटा नहीं हो सका. उसकी तीन बेटियां हैं. हत्यारे पति पर अवैध संबंध और पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया जा रहा है.

Bihar (Jamui): जमुई के सदर थाना क्षेत्र के अमरथ नया मोहल्ला में शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जहां सनकी पति मोहम्मद इरफान अंसारी ने अपनी ही पत्नी तरन्नुम उर्फ तराना की तेज धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी खुद टाउन थाना पहुंचा और जुर्म कबूलते हुए आत्मसमर्पण कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन और थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त तेज धारदार हथियार बरामद कर लिया है. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
आठ साल पहले हुई थी शादी
मृतका तरन्नुम उर्फ तराना, नीमा मोहल्ला निवासी मोहम्मद अनवर अंसारी की पुत्री थी. उसकी शादी आठ वर्ष पूर्व अमरथ नया मोहल्ला निवासी मोहम्मद लुकमान अंसारी के पुत्र इरफान अंसारी के साथ हुई थी. दंपती की तीन बेटियां हैं.
परिजनों के अनुसार, शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य था, लेकिन बाद में इरफान शराब का आदी हो गया. वह नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था. छह माह पूर्व भी विवाद बढ़ने पर पंचायत कर समझौता कराया गया था. इसके बावजूद आरोपी का व्यवहार नहीं बदला और वह लगातार पत्नी को प्रताड़ित करता रहा. परिजनों का आरोप है कि वह कई बार जान से मारने की धमकी भी दे चुका था.
अवैध संबंध का भी आरोप
मृतका के पिता मोहम्मद अनवर अंसारी ने आरोप लगाया कि इरफान का अपने बड़े भाई की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध था, जिसका विरोध उनकी बेटी करती थी. इसी को लेकर घर में लगातार विवाद होता था. साथ ही तीन बेटियां होने को लेकर भी वह तरन्नुम को प्रताड़ित करता था.
क्या बोले एसडीपीओ
एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि, “घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई है. हत्या में प्रयुक्त तेज धारदार हथियार बरामद कर लिया गया है. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.”
घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.
रिपोर्ट: विश्वजीत सिंह विक्की
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

BIHAR BREAKING: भाभी की हत्या का आरोप, देवर दस महिने से जेल में.. भाभी निकली जिंदा

जमीनी विवाद में भाई का दुश्मन बना भाई, खेत से लौट रहे परिवार पर ईंट-पत्थर और कुदाल से हमला






