SP स्वर्ण प्रभात के बॉर्डर मिशन का दिखा असर! लक्जरी वैगनआर में 54 किलोग्राम का माल
भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस की बढ़ी सख्ती का असर अब दिखने लगा है। एक गुप्त सूचना के बाद शुरू हुई कार्रवाई ने तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगा दिए।


भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस की सख्ती अब तस्करों पर भारी पड़ने लगी है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात द्वारा हाल ही में सीमावर्ती इलाकों का दौरा कर चेक पोस्टों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और तस्करी व संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी के दिए गए निर्देशों का असर अब कार्रवाई के रूप में सामने आने लगा है। कुंडवा चैनपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा से मादक पदार्थ की तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ कर 54 किलोग्राम गांजा, एक लग्जरी वैगनआर कार, तीन मोबाइल फोन और 10 हजार नकद राशि बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
चौक से गाड़ी घूमकर भागने लगे तस्कर
जानकारी के अनुसार कुंडवा चैनपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बसंतपुर से एक वैगनआर कार (BR01BT-9171) में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर ढाका के रास्ते चकिया की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही तस्करों ने बसंत चौक के पास वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए बरवा खुर्द सैनिक रोड पर वाहन को घेर लिया।
कार की तलाशी लेने पर 54 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से कमलेश कुमार और संजय कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि गांजे की खेप बसंतपुर निवासी विनोद मुखिया ने उपलब्ध कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर विनोद मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया।
नेपाल के रास्ते लाया गया था गांजा
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया की गांजे की खेप नेपाल सीमा के रास्ते लाई गई थी और इसे राज्य विभिन्न इलाकों में पहुंचाने की तैयारी थी। तीनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चेन की तलाश में जुट गई है।
मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









