तिनका -तिनका जोड़कर बनाया आशियाना अब खुद तोड़ रहें लोग!
भागलपुर के मंदरोनी, इंग्लिश फलका और माशारू में गंगा का कटाव लोगों के लिए दहशत बन गया है। पिछले दो दिनों में कई घर कटाव की चपेट में आकर जमींदोज हो गए।


भागलपुर: जिले के निचले इलाकों में गंगा का कटाव अब लोगों के लिए महज परेशानी नहीं, बल्कि दहशत का सबब बन गया है। मंदरोनी, इंग्लिश फलका और माशारू में पिछले दो दिनों के दौरान कई घर कटाव की चपेट में आकर जमींदोज हो गए। गंगा की तेज धार के सामने लोग बेबस नजर आ रहे हैं।
हालात इतने भयावह हैं कि कई परिवार अपने आशियाने को गंगा में समाने से पहले खुद ही घर तोड़कर सामान सुरक्षित जगह पहुंचाने को मजबूर हैं। जिन घरों को लोगों ने वर्षों की मेहनत और तिनका-तिनका जोड़कर बनाया था, उन्हें अपनी आंखों के सामने टूटते देखना परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक है।
कहीं दीवार गिरी तो कहीं पूरा घर हुआ जमींदोज
कटाव प्रभावित इलाकों से सामने आ रही तस्वीरें स्थिति की गंभीरता बयां कर रही हैं। कहीं घर की दीवारें भरभराकर गिर रही हैं तो कहीं देखते ही देखते पूरा मकान गंगा की धारा में समा जा रहा है।
कटाव की रफ्तार लगातार बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। लोगों को डर है कि अगर जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में कई और घर गंगा की चपेट में आ सकते हैं।
अपना घर खुद तोड़ने को मजबूर परिवार
कटाव के खतरे के बीच कुछ परिवार अपने घरों को खुद ही तोड़ रहे हैं, ताकि कम से कम घर का सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। ईंट, लकड़ी, फर्नीचर और दूसरे जरूरी सामान को लोग किसी तरह सुरक्षित जगह ले जाने में जुटे हैं। ग्रामीणों के लिए यह सिर्फ एक मकान खोने का मामला नहीं है। इन घरों से उनकी वर्षों की मेहनत, यादें और भविष्य की उम्मीदें जुड़ी हैं। लेकिन गंगा की तेज धार के सामने अब उन्हें अपना आशियाना छोड़ना पड़ रहा है।
कटाव के कारण प्रभावित परिवारों में मायूसी का माहौल है। महिलाओं की आंखों में अपने घर को उजड़ता देखकर आंसू हैं, वहीं पुरुषों में जिला प्रशासन को लेकर नाराजगी दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बड़ी मेहनत से अपना घर बनाया था। किसी ने वर्षों तक पैसे जोड़कर मकान खड़ा किया तो किसी ने एक-एक सामान जुटाकर अपना संसार बसाया। अब वही घर गंगा की धारा में समाता देखना उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं है।
‘जल्द कदम नहीं उठे तो बढ़ेगा संकट’
ग्रामीणों का कहना है कि कटाव की रफ्तार नहीं थमी तो आने वाले समय में कई और परिवार बेघर हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कटावरोधी उपाय करने और प्रभावित परिवारों की मदद करने की मांग की है।
फिलहाल मंदरोनी, इंग्लिश फलका और माशारू में गंगा का कटाव लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है। एक तरफ गंगा की तेज धार लगातार जमीन काट रही है, तो दूसरी तरफ परिवार अपने आशियाने और सामान को बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं।
(भागलपुर से अतीश दीपंकर की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

खाते में पैसे सुरक्षित समझ रहे हैं? बिना ATM के बैंक खाते से निकाले पैसे, पासबुक में किया खेल

अब पेट्रोल पंप पर ही चार्ज होगी EV! शुरू हुआ पहला EV चार्जर, 15 KW सोलर प्लांट भी लगा







