मोतिहारी में युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा, मोबाइल टावर पर चढ़ी
मोतिहारी में अपनी इच्छा के विरुद्ध तय की गई शादी से नाराज एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई. उसे नीचे उतारने के लिए घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ.

Motihari / Bihar (Report By - Pratik Singh): मोतिहारी के चिरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुआरवा चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक 19 वर्षीय युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा करती रही। युवती की पहचान बहुआरवा गांव निवासी आलम देवान की पुत्री शबनम खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी इच्छा के विरुद्ध तय की गई शादी से नाराज थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। चिरैया थानाध्यक्ष महेश कुमार ने काफी देर तक समझा-बुझाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। इस दौरान टावर के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण बन गई थी।
परिजनों के अनुसार, शबनम की शादी हाल ही में तय की गई थी, जिससे वह खुश नहीं थी। उसके पिता आलम देवान ने बताया कि उनकी पुत्री मानसिक रूप से कमजोर है और सुबह से ही बेचैन नजर आ रही थी। इसी कारण वह अचानक घर से निकलकर टावर पर चढ़ गई। हालांकि ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि युवती का बैद्यनाथपुर गांव के एक युवक से प्रेम संबंध है और वह पिछले कई दिनों से उससे मिलने की कोशिश कर रही थी, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाने के कारण वह परेशान थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती टावर पर चढ़कर अपने चेहरे को दुपट्टे से ढक रखी थी और नीचे उतरने से इनकार कर रही थी। पुलिस और स्थानीय लोगों के काफी प्रयास के बाद आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।
थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि युवती से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि हाल ही में 28 अप्रैल को भी बारा जयराम गांव में एक युवक कर्ज और प्रताड़ना से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया था, जिसे करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया था।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में छात्र की निर्मम हत्या का खुलासा, 15 बार चाकू घोंपकर उतारा था मौत के घाट

Ranchi Breaking: नाले में मिला 18 महीने की लापता अदिती का शव! हादसा या साजिश.. जांच में जुटी पुलिस







