बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से झारखंड में झमाझम बारिश
बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) तेजी से झारखंड की तरफ बढ़ रहा है।


Ranchi: बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) तेजी से झारखंड की तरफ बढ़ रहा है। इस सिस्टम की वजह से पूरे राज्य में मौसम बदल गया है और कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। पलामू प्रमंडल समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार को अच्छी बारिश देखने को मिली, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है।
7 जिलों में ऑरेंज और 4 में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार एक सितंबर को राजधानी रांची सहित राज्य के कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिलेगी। वहीं गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन सात जिलों के लिए मौसम केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा है। इसके अलावा रांची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
महुआडांड़ में सबसे ज्यादा 171 मिमी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई है। राजधानी रांची में दिनभर रुक-रुककर पानी बरसता रहा, जहां करीब 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा बारिश लातेहार के महुआडांड़ में दर्ज की गई, जहां 171 मिमी पानी बरसा। इसके अलावा डुमरिया में 112.2 मिमी, मझगांव में 95.4 मिमी, चाकुलिया में 92.4 मिमी, मुसाबनी में 80.2 मिमी, लोहरदगा में 41 मिमी, जमशेदपुर में 39 मिमी और चाईबासा में 29.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
जानिए अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम केंद्र के अनुसार 1 सितंबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और रांची, खूंटी, चतरा, सरायकेला में येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 2 सितंबर को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। 3 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं 4, 5 और 6 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे और राजधानी रांची सहित कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

PM किसान योजना और फ्लिपकार्ट के नाम पर करते थे ठगी, देवघर पुलिस की रेड में धरे गए 6 साइबर क्रिमिनल

सलाखों के पीछे ही रहेगा झारखंड का सबसे बड़ा मानव तस्कर!, पन्ना लाल महतो मामले में कोर्ट का नया फैसला, 15 सितंबर को अगली तारीख







