'दूध बांटने निकला था', सड़क के गड्ढे ने ली 18 साल के आयुष की जान, जमशेदपुर पुलिस...
झारखंड के जमशेदपुर में सड़क की बदहाली ने एक परिवार के चिराग को बुझा दिया। मानगो थाना क्षेत्र के छोटा पुल के समीप शनिवार रात सड़क पर बने जानलेवा गड्ढे के कारण हुए एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय बाइक सवार आयुष कुमार की मौत हो गई।


Jamshedpur: झारखंड के जमशेदपुर में सड़क की बदहाली ने एक परिवार के चिराग को बुझा दिया। मानगो थाना क्षेत्र के छोटा पुल के समीप शनिवार रात सड़क पर बने जानलेवा गड्ढे के कारण हुए एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय बाइक सवार आयुष कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजनों ने सड़क की खस्ताहाल स्थिति को लेकर संबंधित विभाग की लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
गड्ढे की वजह से हुआ हादसा, कार चालक फरार
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आयुष भुइयांडीह के बाबूडीह बस्ती का रहने वाला था और दूध सप्लाई का काम करता था। शनिवार शाम करीब 5 बजे वह अपनी बाइक से दूध पहुंचाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान छोटा पुल के पास सड़क पर बने बड़े गड्ढे की वजह से वह भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वहां से एक कार भी गुजर रही थी। दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
एमजीएम से टीएमएच किया गया था रेफर
सड़क पर लहूलुहान पड़े आयुष को मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम (MGM) अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच (TMH) रेफर कर दिया। हालांकि, टीएमएच पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद आयुष को मृत घोषित कर दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
परिवार का बड़ा बेटा था आयुष, बदहाल सड़क पर फूटा गुस्सा
मृतक आयुष के चाचा रंजीत ने रुंधे गले से बताया कि आयुष परिवार का बड़ा बेटा था और अपनी मेहनत से परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि छोटा पुल की सड़क पर लंबे समय से जगह-जगह खतरनाक गड्ढे बने हुए हैं, जिनसे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही मानगो पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच में जुट गई। पुलिस फिलहाल घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के समय मौजूद कार की सटीक पहचान कर उसके फरार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ओडिशा से जमशेदपुर आ रहा था 11 किलो गांजा!, 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

गोड्डा में क्वार्टर चोरी का खुलासा, दो युवक गिरफ्तार ; माइक्रोवेव, गैस सिलेंडर समेत सामान बरामद







