24 घंटे में रानी सती मंदिर चोरी कांड का पर्दाफाश!, चाईबासा पुलिस ने दानपेटी और कैश के साथ शातिर चोर को दबोचा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित आमला टोली के प्रतिष्ठित रानी सती मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है।


Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित आमला टोली के प्रतिष्ठित रानी सती मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर मंदिर से चोरी की गई दानपेटी समेत 11,730 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल और आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय श्रद्धालुओं और आम नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
CCTV फुटेज से मिला सुराग, 24 घंटे के अंदर दबोचा गया आरोपी
रविवार को चाईबासा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बहामन टूटी ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को मंदिर प्रबंधन द्वारा चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर सदर थाने में कांड संख्या 77/2026 दर्ज कर सघन जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की बारीकी से जांच करने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सोमा अंगारिया उर्फ राहुल अंगारिया (20 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जाल बिछाकर 15 अगस्त को आरोपी को धर दबोचा।
सब्बल से ताला तोड़कर उड़ाई थी दानपेटी, 11 हजार से अधिक कैश बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रात के अंधेरे में लोहे के सब्बल से मंदिर का ताला तोड़ा था और वहां रखी दानपेटी चुराकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल-झाड़ियों में छिपाई गई दानपेटी बरामद की, जिससे 11,730 रुपये नकद सुरक्षित मिल गए। अपराध में प्रयुक्त सब्बल और आरोपी का फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
कई थानों में पहले से दर्ज हैं 7 मामले, टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
SDPO बहामन टूटी ने बताया कि गिरफ्तार सोमा अंगारिया उर्फ राहुल अंगारिया एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर, चक्रधरपुर, गोईलकेरा और सदर थाना क्षेत्रों में चोरी के कुल सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इस सनसनीखेज चोरी कांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने वाली पुलिस टीम में सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक सैनिक सामड, अभय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह और आरक्षी 1391 सोमराय मुर्मु की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ओडिशा से जमशेदपुर आ रहा था 11 किलो गांजा!, 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

गोड्डा में क्वार्टर चोरी का खुलासा, दो युवक गिरफ्तार ; माइक्रोवेव, गैस सिलेंडर समेत सामान बरामद







