"50 लाख दो, नहीं तो अंजाम भुगतो": आधी रात पुल निर्माण स्थल पर पहुंची रंगदारी की पर्ची
घटना 14 मई की आधी रात की है. बताया जाता है कि दो नकाबपोश बदमाश अचानक निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां तैनात रात्रि प्रहरी मनोज मुर्मू को हथियार का भय दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया.

Pakur, Jharkhand: पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में एक बार फिर उग्रवादी गतिविधियों की आहट से इलाके में सनसनी फैल गई है. बड़दाहा गांव के समीप इकड़ी नाला पर बीजीआर कोल कंपनी द्वारा बनाये जा रहे निर्माणाधीन पुल के कार्यस्थल पर 50 लाख रुपये की लेवी मांगने का मामला सामने आया है. बदमाशों ने खुद को भाकपा माओवादी और टीपीसी संगठन से जुड़ा बताते हुए कंपनी प्रबंधन को खुलेआम धमकी दी है.
सूत्रों के मुताबिक, घटना 14 मई की आधी रात की है. बताया जाता है कि दो नकाबपोश बदमाश अचानक निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां तैनात रात्रि प्रहरी मनोज मुर्मू को हथियार का भय दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद उन्होंने एक पर्ची थमाई और उसे जोर-जबरदस्ती से पढ़वाया. पर्ची में 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी. साथ ही चेतावनी दी गई कि रकम नहीं पहुंची तो “अंजाम बेहद बुरा होगा.”
घटना के बाद निर्माण स्थल पर कार्यरत कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में भय का माहौल बन गया. इलाके में यह चर्चा तेजी से फैल गई कि उग्रवादी संगठन एक बार फिर सक्रिय होने लगे हैं.
मामले की सूचना मिलते ही 15 मई को अमड़ापाड़ा थाना के एसआई पप्पू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल और बीजीआर कैंप पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा गार्डों सहित कंपनी प्रबंधन से लंबी पूछताछ की.
इसके बाद 16 मई को बीजीआर कोल कंपनी की ओर से अमड़ापाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि घटना के पीछे वास्तव में उग्रवादी संगठन हैं या फिर उनके नाम का इस्तेमाल कर किसी गिरोह द्वारा दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है.
हर एंगल से हो रही जांच : एसडीपीओ
महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार ने बताया कि बीजीआर कोल कंपनी की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा भी किया जा रहा है.
(पाकुड़ से नंद किशोर मंडल की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी पर गिरिडीह कांग्रेस का हल्ला बोल, PM मोदी का फूंका पुतला

झारखंड के पूर्व सीएम नहीं कर सके सम्मेद शिखर में पूजा-अर्चना, ताला बंद करने पर BDO पर जमकर भड़के







