गिरिडीह में CM के पुतला दहन पर बवाल, भाजपा नेताओं से टकराव के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस ; कई पर गंभीर धाराएं
गिरिडीह के झंडा मैदान में हेमंत सोरेन के पुतला दहन को लेकर पुलिस और भाजपा नेताओं के टकराव के बाद नगर थाना में FIR दर्ज हुई। पुलिस वीडियो फुटेज से जांच कर रही है।

Giridih: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन को लेकर शनिवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में नगर थाना पुलिस और भाजपा नेताओं के बीच हुए टकराव के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के एक दिन बाद रविवार को नगर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
अंचल निरीक्षक मनोज सिंह के लिखित आवेदन के आधार पर नगर थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी में BNS की धारा 189(2), 190, 126(2), 152 समेत अन्य धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस ने लगाया जबरन पुतला दहन का आरोप
थाना में दिए आवेदन में अंचल निरीक्षक मनोज सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा महानगर अध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में भाजपा और आजसू के कई नेता झंडा मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने पहुंचे थे।
आवेदन में भाजपा नेत्री विनीता कुमारी, आजसू नेत्री प्रियंका शर्मा, आजसू नेता कंपू यादव, भाजपा नेता हरमिंदर सिंह बग्गा, कुंदन सिंह, विक्की गुप्ता विवेक, नवीन सिन्हा, सिकंदर हेंब्रम और मिथुन चंद्रवंशी समेत अन्य लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है।
पुलिस का आरोप है कि झंडा मैदान में पुतला दहन रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी बीच मैदान के दूसरे हिस्से में कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री का पुतला जला दिया।
पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद शहर में पुतला दहन का आरोप
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए झंडा मैदान से शहर की ओर निकल गए और कई स्थानों पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। अब नगर थाना पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







