मोरहाबादी में स्वतंत्रता दिवस का फुल ड्रेस रिहर्सल, सुरक्षा से लेकर परेड तक हर इंतजाम परखी गई
स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।


Ranchi: स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को होने वाले राजकीय समारोह से पहले बुधवार को मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का हूबहू अभ्यास कराया गया। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे।
परेड की सलामी लेकर अधिकारियों ने परखी तैयारियां
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने परेड की सलामी ली। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में होने वाली तमाम गतिविधियों का सटीक अनुकरण किया गया। भारत सरकार के राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से संबंधित निर्देशों का भी पालन किया गया।
वरीय अधिकारियों ने परेड में शामिल सभी पार्टियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और समारोह के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की हुई ज्वाइंट ब्रीफिंग
स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा और सुचारू संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ज्वाइंट ब्रीफिंग भी हुई। इसमें जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, SP ट्रैफिक राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय मौजूद रहे।
अधिकारियों ने संयुक्तादेश के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचने और सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।
मुख्य अतिथियों के आने-जाने की व्यवस्था पर खास जोर
मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्य, दायित्व और प्रतिनियुक्ति स्थल की पूरी जानकारी पहले से रखें। मुख्य अतिथियों के आगमन और निर्गमन की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
समारोह स्थल पर सघन जांच, ड्रोन पर भी रहेगी रोक
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समारोह में आने वाले सभी लोगों की सघन जांच की जाए और कोई भी अवांछित व्यक्ति आपत्तिजनक सामग्री के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश न कर सके।
सुरक्षा कारणों से मोरहाबादी मैदान में ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर रोक रहेगी। केवल विभाग की ओर से ड्रोन वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी कराई जा सकेगी।
14 प्लाटून और तीन बैंड पार्टियां दिखाएंगी दम
राजकीय समारोह में CRPF, ITBP, SSB, CISF, उड़ीसा पुलिस, झारखण्ड जगुआर, JAP-1, JAP-2, JAP-10, रांची जिला पुलिस पुरुष, रांची जिला पुलिस महिला, झारखण्ड गृहरक्षा वाहिनी और NCC गर्ल्स एवं बॉयज की टुकड़ियां शामिल होंगी।
JAP-1, JAP-10 और झारखंड गृहरक्षा वाहिनी की ओर से बैंड पार्टी भी शामिल रहेगी। इस तरह मोरहाबादी मैदान में होने वाली परेड में सुरक्षा बलों, पुलिस, गृहरक्षा वाहिनी और NCC की टुकड़ियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी।
रामगढ़ में तैनात IPS अधिकारी संभालेंगे फर्स्ट इन कमाण्ड की जिम्मेदारी
स्वतंत्रता दिवस समारोह में फर्स्ट इन कमाण्ड की जिम्मेदारी 2022 बैच के IPS अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा संभालेंगे। वह वर्तमान में रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं। वहीं सेकेण्ड इन कमाण्ड की जिम्मेदारी परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर को दी गई है।
मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस ने 15 अगस्त के राजकीय समारोह को लेकर सुरक्षा, परेड और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

JPSC परीक्षा गड़बड़ी केस में पूर्व मुख्य सचिव एल ख्यांग्ते ने मांगी जमानत, CID कोर्ट में दाखिल हुई अर्जी

रांची रेलवे स्टेशन पर टोकरियों में छिपाकर ले जा रहे थे 5 सांप, दो तस्कर हिरासत में







