तड़के 3 बजे ट्रेन के इंजन से उठीं लपटें, यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन के इंजन और एक बोगी में भीषण आग लग गई। समय रहते यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


सहरसा: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। समस्तीपुर से सहरसा की ओर आ रही पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन और उसके पास की एक बोगी में अचानक आग लग गई। इस घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई, लेकिन समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इंजन से उठा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तड़के लगभग 3 बजे जब ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पहुंची, तो इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही समय में आग तेजी से फैल गई और यह इंजन के साथ जुड़ी एक बोगी तक पहुंच गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं पूरे स्टेशन परिसर में फैल गया।
इस घटना के समय ट्रेन में कई यात्री गहरी नींद में थे। जब उन्हें आग और धुएं का एहसास हुआ, तो ट्रेन में हड़कंप मच गया। यात्री अपनी जान बचाने के लिए जल्दी-जल्दी ट्रेन से उतरने लगे। अच्छी बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय पर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रेलवे ने शुरू की जांच, आग लगने के कारणों का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी, तकनीकी टीम और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिशें शुरू कर दीं। इस घटना ने ट्रेन संचालन को भी प्रभावित किया, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अभी तक आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। रेलवे प्रशासन इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और तकनीकी कारणों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
(सहरसा से इन्द्रदेव की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिजली बनी काल! करंट की चपेट में बिहार पुलिस जवान, रेलकर्मी और किसान की मौत

अब पंचायतों में मिलेगा 'मिनी सचिवालय' का लाभ! एक ही छत के नीचे आधार, RTPS समेत कई सरकारी सेवाएं







