'दिन में फेरी और रात में गार्ड की नौकरी...', जामताड़ा सड़क हादसे में उजड़ा परिवार का सहारा, उत्पल मंडल की मौत
जामताड़ा सड़क हादसे में परिवार का सहारा उत्पल मंडल चला गया, दिन में फेरी और रात में गार्ड की नौकरी कर परिवार पालने वाले युवक की दर्दनाक मौत हुई।

जामताड़ा-मिहिजाम मुख्य मार्ग स्थित बेवा फाटक के समीप गुरुवार को दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावह आवाज सुनकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान गौराईनाला निवासी उत्पल मंडल ने तोड़ा दम
मिहिजाम थाना क्षेत्र के गौराईनाला गांव निवासी उत्पल मंडल जामताड़ा से अपना काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बेवा फाटक के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उत्पल सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर और अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अताउल ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गहरी चोटों के कारण इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दूसरी बाइक सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार बिंदापाथर थाना क्षेत्र के भुगीकाटा निवासी सुधीर सिंह और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी कपिल राय भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी, हालांकि परिजनों ने फिलहाल सदर अस्पताल में ही उनका इलाज जारी रखने का निर्णय लिया है।
मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाता था मृतक
मृतक उत्पल मंडल के परिजनों ने बताया कि वह बेहद मेहनती व्यक्ति थे। वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दिन में फेरी लगाकर सामान बेचते थे और रात के समय नाइट गार्ड की नौकरी करते थे। परिवार का एकमात्र सहारा छिन जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'महिलाओं को सम्मान ठीक, पर बुजुर्गों-विधवाओं की पेंशन क्यों रोकी?', नीरा यादव का हेमंत सरकार पर तीखा हमला
चरही में L&T वेयरहाउस लूटकांड का खुलासा, गार्ड को बंधक बनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार







