Bihar के Barh की महिला पार्षद को राष्ट्रपति सम्मान, काम को मिली पहचान
बिहार के बाढ़ अनुमंडल के एक वार्ड में महिला पार्षद द्वारा किए कार्यों को पहचान मिली है. राष्ट्रपति भवन में एक आयोजन के दौरान राष्ट्रपति के हाथों उन्होंने प्राप्त किया सम्मान.

Bihar (Barh): बाढ़ अनुमंडल की वार्ड सदस्या नेहा कुमारी को उनके कार्यों की वजह से राष्ट्रपति द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. नेहा बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत लेमुआबाद पंचायत के वार्ड संख्या 1 की वार्ड सदस्या हैं. बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय जल महोत्सव 2026 के कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया.

11 मार्च को आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में जल संरक्षण और ग्रामीण पेयजल व्यवस्था में बेहतर कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने के बाद शुक्रवार को नेहा कुमारी अपने गांव लेमुआबाद दरगाही टोला पहुंचीं तो ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया. पूरे पटना जिले से इस कार्यक्रम में सम्मान पाने वाली वह अकेली महिला थी.
नेहा कुमारी ने सम्मान मिलने पर पीएचईडी विभाग और अपने वार्ड के सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित इस जल महोत्सव कार्यक्रम में राष्ट्रपति, जल शक्ति मंत्री, रेल मंत्री समेत कई केंद्रीय मंत्री और वरीय अधिकारी मौजूद थे. कार्यक्रम में उन्हें जल प्रबंधन और नल-जल योजना के बेहतर संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रशंसा पत्र दिया गया. उन्होंने कहा कि लेमुआबाद पंचायत के वार्ड संख्या–1 की महिलाओं और ग्रामीणों ने उन्हें हमेशा सहयोग दिया. वार्ड में जब भी कोई समस्या सामने आती है, तो उसे तत्काल हल करने की कोशिश की जाती है, इसी कारण लोगों का विश्वास और समर्थन मिला.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से प्रशंसा पत्र मिलना उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे पंचायत और परिवार के लिए गर्व की बात है. इस उपलब्धि से घर के सभी सदस्य बेहद खुश हैं. उन्होंने बताया कि जल महोत्सव कार्यक्रम में पूरे बिहार से पांच लोगों का चयन किया गया था, जिनमें पटना जिले से वह अकेली जनप्रतिनिधि थीं. यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी भी बढ़ाता है और वह आगे भी अपने क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह काम करती रहेंगी. साथ ही उन्होंने कहा कि कोई भी महिला अगर अपने क्षेत्र में लगन और ईमानदारी से काम करें तो वह आगे बढ़ सकती है और वह हमेशा महिलाओं के साथ खड़ी रहेंगी.
वहीं गांव के विनय कुमार ने कहा कि नेहा कुमारी ने नल-जल योजना और जल प्रबंधन को लेकर लगातार अच्छा काम किया है. उनके सम्मानित होने से पूरे पंचायत का नाम रौशन हुआ है और यह हम सबके लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि इससे पहले गांव की किसी महिला को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित नहीं किया गया था, इसलिए पूरे गांव में खुशी का माहौल है. गांव वाले आगे भी उन्हें हर संभव सहयोग देंगे.
गांव की गीता देवी ने भी खुशी जताते हुए कहा कि हमारी बेटी को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाना पूरे गांव के लिए गौरव की बात है. जैसे ही सूचना मिली कि वह दिल्ली से लौटकर गांव आ रही हैं, ग्रामीण फूल-मालाओं के साथ सड़क पर पहुंच गए और पूरे उत्साह के साथ उनका स्वागत किया.
रिपोर्ट: रविशंकर शर्मा
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Motihari में जहरीली शराब कांड के बीच चलती ट्रेन में “शराब की बारिश” से खुला तस्करी का खेल

Motihari में जहरीली शराब का कहर जारी, अब तक सात लोगों की जा चुकी है जान






