'कोर्ट में जो हुआ उससे ठगा महसूस कर रहे!', JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच का सरकार पर छल का आरोप, आज जिलों में जलेगा पुतला
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर गतिरोध एक बार फिर तेज होता दिख रहा है।

Ranchi: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर गतिरोध एक बार फिर तेज होता दिख रहा है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के छात्र नेता रवींद्र पासवान और कुणाल प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि JPSC समेत अन्य नियुक्ति परीक्षाओं के मसले पर सरकार ने राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के साथ छल किया है। हाईकोर्ट में गुरुवार को हुई सुनवाई और उसमें सरकार के रुख पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि अदालत में हुई कानूनी प्रक्रिया को देखकर वे पूरी तरह ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
'CM व डेलिगेशन की बातों पर किया भरोसा, लेकिन छात्रों के साथ हुआ धोखा'
छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री और सरकारी प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) के साथ सकारात्मक माहौल में बातचीत की थी। उस दौरान सरकार के बयानों से ऐसा लगा था कि सरकार की मंशा वास्तव में छात्रहित में पारदर्शी व्यवस्था बनाने की है, लेकिन कोर्ट में जिस तरह से परिस्थितियां सामने आईं, उससे स्पष्ट हो गया है कि छात्रों के साथ वादाखिलाफी और छल किया जा रहा है।
2 महीने से पहले बड़े आंदोलन की चेतावनी
सरकार की कार्यप्रणाली के विरोध में मंच ने शुक्रवार को झारखंड के सभी जिलों में राज्य सरकार का पुतला दहन करने का ऐलान किया है। मंच के प्रतिनिधि कुणाल प्रताप सिंह ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार छात्रों को इसी प्रकार ठगने और गुमराह करने का प्रयास करेगी, तो पूर्व में दी गई दो महीने की मोहलत से पहले ही पूरे राज्य में जोरदार और व्यापक जन-आंदोलन छेड़ा जाएगा।
भ्रष्टाचार और अपारदर्शिता के खिलाफ है हमारी लड़ाई
इधर, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत अभ्यर्थी या चयनित वर्ग के खिलाफ नहीं है। यह पूरी लड़ाई भर्ती प्रक्रिया में लंबे समय से व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं, अपारदर्शिता और सरकारी व्यवस्था की गंभीर खामियों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधि आज भी अपनी मूल मांगों पर पूरी दृढ़ता से कायम हैं। उनकी सीधी मांग है कि जिन-जिन परीक्षाओं में धांधली और अनियमितताओं के पुख्ता आरोप सामने आए हैं, उनकी निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कराई जाए ताकि वास्तविक दोषियों को सजा और योग्य युवाओं को न्याय मिल सके।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'महिलाओं को सम्मान ठीक, पर बुजुर्गों-विधवाओं की पेंशन क्यों रोकी?', नीरा यादव का हेमंत सरकार पर तीखा हमला
चरही में L&T वेयरहाउस लूटकांड का खुलासा, गार्ड को बंधक बनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार







