नहीं रहे मशहूर तमिल निर्देशक भारथीराजा, 84 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
'16 वयथिनिले' से बदली थी फिल्मों की तस्वीर, भारथीराजा के निधन से फिल्म जगत में शोक

तमिल सिनेमा के दिग्गज निर्देशक भारथीराजा का बुधवार को चेन्नई स्थित निवास पर निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे और लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल (TFPC) के अनुसार, उनका निधन लंबी बीमारी के बाद हुआ। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। वर्ष 2025 के अंत में उन्हें सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और तब से उनका इलाज चल रहा था।
17 जुलाई 1941 को तमिलनाडु के थेनी जिले में जन्मे भारथीराजा का असली नाम चिन्नासामी पेरियामाया थेवर था। उन्होंने फिल्मी सफर की शुरुआत Assistant Director के रूप में की थी। उन्होंने वर्ष 1977 में फिल्म ‘16 वयथिनिले’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म ने तमिल सिनेमा में ग्रामीण कहानियों पर आधारित फिल्मों का नया दौर शुरू कर दिया। यह फिल्म आज भी तमिल सिनेमा की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में गिनी जाती है।
भारथीराजा ने स्टूडियो को छोड़कर गांवों और वास्तविक लोकेशनों पर शूटिंग करने को लोकप्रिय बनाया। उनकी फिल्मों ने आम लोगों और ग्रामीण जीवन के किस्सों और कहानियों को बड़े पर्दे पर नई पहचान दी। अपने लंबे करियर में उन्होंने छह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और चार फिल्मफेयर साउथ अवॉर्ड समेत कई बड़े सम्मान जीते। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा और उनका निधन फिल्म जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









