खेल के मैदान में दिखा जोश! डकरा में 37वें क्षेत्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज
डकरा के एनके एरिया स्टेडियम में मेजर ध्यानचंद जयंती पर 37वें क्षेत्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन हुआ। खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट और शपथ के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की।

Khalari: मेजर ध्यानचंद जयंती के मौके पर डकरा में शनिवार को फुटबॉल का रोमांच शुरू हो गया। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, डकरा की मेजबानी में 37वें क्षेत्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन एनके एरिया स्टेडियम परिसर में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप जलाकर और मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया। इसके बाद अलग-अलग टीमों के खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट कर अपनी टीम का परिचय दिया। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने मैच के दौरान नियमों का पालन करने और विरोधी टीम के खिलाड़ियों का सम्मान बनाए रखने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, डांस और दूसरे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इससे पूरा माहौल खेल के साथ देशभक्ति के रंग में भी रंगा नजर आया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल मिस्त्री विश्वकर्मा ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी बच्चों के विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेल के जरिए बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की क्षमता बढ़ती है।
वहीं SBI के शाखा प्रबंधक पवन कुमार ने कहा कि खेल बच्चों को सिर्फ फिट रखने का काम नहीं करता, बल्कि उनमें टीम के साथ काम करने, नेतृत्व करने और मुश्किल परिस्थितियों में संघर्ष करने की आदत भी विकसित करता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन को खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा बताया।
विद्या विकास समिति झारखंड प्रांत के खेल संरक्षक सह देवघर विभाग के विभाग प्रमुख सुरेश मंडल ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। फुटबॉल जैसे टीम गेम से बच्चों में आपसी तालमेल और नेतृत्व क्षमता मजबूत होती है।
मुख्य अतिथि खलारी DSP राम नारायण चौधरी ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ अनुशासन और खेल भावना पर भी ध्यान दिया जा रहा है। टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों और शानदार खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में रांची विभाग के विभाग निरीक्षक विवेक नयन पांडे समेत स्कूल के शिक्षक, प्रशिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। खिलाड़ियों के मैदान में उतरते ही दर्शकों ने तालियों और नारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बंदूकें खामोश हुईं पर स्कूलों की छतें जर्जर, नक्सलमुक्त होकर भी विकास को तरस रहा पश्चिमी सिंहभूम का बोयपाईसन गांव!

बच्चों के हाथ में हो किताब, नशे से रहें दूर!, बिरहोर परिवारों के बीच पहुंची हजारीबाग पुलिस की पाठशाला, बच्चों की शिक्षा पर दिया जोर







