बिजली बनी काल! करंट की चपेट में बिहार पुलिस जवान, रेलकर्मी और किसान की मौत
मुंगेर में अलग-अलग घटनाओं में करंट लगने से बिहार पुलिस के जवान, एक रेलकर्मी और एक किसान की मौत हो गई। बरियारपुर में चाचा-भतीजे की एक साथ मौत से गांव में मातम छा गया।


मुंगेर: जिले में रविवार को बिजली का करंट तीन परिवारों के लिए एक भयानक त्रासदी बन गया। बरियारपुर और टेटिया बंबर थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग हादसों में एक बिहार पुलिस जवान, एक रेलकर्मी और एक किसान की करंट लगने से जान चली गई। इन दुखद घटनाओं के बाद तीनों परिवारों में शोक और हाहाकार मच गया।
देवघर जाने से पहले करंट ने छीन ली जान, चाचा-भतीजे की एक साथ मौत
पहली घटना बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में हुई। बताया गया है कि गांव में बिजली न होने के कारण रविवार सुबह पंकज कुमार (39) और उनके भतीजे अमन कुमार (28) बिजली के पोल पर चढ़कर तारों को ठीक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान, दोनों हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े। परिजन और गांव वाले उन्हें पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, फिर सफियासराय के एक निजी अस्पताल और अंत में मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पंकज कुमार, जो जमालपुर रेल कारखाना में हेल्पर के रूप में काम कर रहे थे, का निधन हो गया। वहीं, अमन कुमार बिहार पुलिस में जवान थे और समस्तीपुर में एक डीएसपी के बॉडीगार्ड के तौर पर तैनात थे। परिजनों के मुताबिक, अमन एक दिन पहले ही गांव लौटे थे और रविवार को देवघर कांवड़ यात्रा पर जाने की योजना बना रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों चाचा-भतीजा थे, लेकिन उनकी दोस्ती भी बहुत गहरी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की जांच शुरू कर दी है।
खेत में पटवन के दौरान किसान की भी गई जान
दूसरी घटना टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के चम्पाचक गांव की है। यहां 61 वर्षीय किसान जेहल सिंह अपने खेत में धान की पटवन कर रहे थे। जब उन्होंने पटवन खत्म किया और समरसेबल मशीन को बंद करने गए, तभी अचानक करंट लगने से वे गिर पड़े। आसपास काम कर रहे अन्य किसानों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही टेटिया बंबर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, परिजनों का बयान लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया। इन लगातार घटनाओं के बाद जिले में शोक का माहौल छा गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
(मुंगेर से सुमित कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

EO हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा! 'बदमाशों' की कहानी निकली झूठी

'क्या मैं सनातनी नहीं हूं?' गेरुआ वस्त्र पहनकर पप्पू यादव का बड़ा बयान, राम मंदिर ट्रस्ट पर लगाए गंभीर आरोप







