मैदान में उतरीं बेटियां, दिखाए हैरतअंगेज करतब!, गिरिडीह के J.C बोस CM स्कूल में 'खेलो भारत जीतो भारत' की धूम
गिरिडीह के सर जेसी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में ‘खेलो भारत जीतो भारत’ अभियान के तहत खेल प्रतियोगिताएं हुईं। छात्राओं ने मार्शल आर्ट्स, तीरंदाजी, योग और फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया।

Giridih: भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर चलाए जा रहे 'खेलो भारत जीतो भारत' अभियान के तहत गुरुवार को गिरिडीह स्थित सर जेसी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। स्कूल के प्रिंसिपल मुन्ना कुशवाहा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस खेल महोत्सव में विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शारीरिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान 'ऊर्जावान चुनौती 29' के अंतर्गत छात्राओं के बीच पुशअप, स्किपिंग (रस्सी कूद) और प्लैंक चैलेंज जैसी कठिन शारीरिक गतिविधियां कराई गईं, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ अपनी फिटनेस और स्टैमिना का लोहा मनवाया।
मार्शल आर्ट्स और तीरंदाजी में छात्राओं ने दिखाए हुनर, रस्साकशी में दिखा टीम वर्क
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक और आधुनिक खेलों का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। छात्राओं ने योगासन और आत्मरक्षा के लिए जरूरी मार्शल आर्ट्स के हैरतअंगेज करतब दिखाए। इसके साथ ही प्रतिभागियों के बीच पास द बॉल, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसी रोमांचक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। रस्साकशी के मुकाबलों के दौरान छात्राओं का उत्साह देखने लायक था, जहां उन्होंने आपसी तालमेल और टीम भावना का बेहतरीन परिचय दिया। तीरंदाजी में भी छात्राओं ने सटीक निशाने साधकर अपनी एकाग्रता और प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया।
छात्राओं में खेल भावना और फिटनेस को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य
छात्राओं के भीतर खेल भावना जागृत करने, उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह समूचा आयोजन किया गया था। मैदान पर उतरीं छात्राओं ने हर गतिविधि में पूरे आत्मविश्वास के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा को साबित किया। इस पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं पापिया सरकार, अख्तर अंसारी, इंद्रदेव साहू, मिथिलेश वर्मा, प्रेमलता कुमारी और गीता सिन्हा की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड के थानों में CCTV क्यों नहीं लगे?, हाईकोर्ट ने DGP को भेजा अवमानना नोटिस

घर पहुंचने से पहले ही थम गई जिंदगी..., गुमला में ट्रेलर की टक्कर से महाराष्ट्र के युवक की मौत







