दुमका में डाक बंगले के पंखे से झूलता मिला कुक का शव, विधायक देवेंद्र कुंवर समेत 9 नामजद, बेटे की मौत के सदमे में पिता ने निगला जहर
दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के कुक सोनू राउत का शव संदिग्ध हालत में पंखे से लटकता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है


Dumka: दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के कुक सोनू राउत का शव संदिग्ध हालत में पंखे से लटकता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के दोयम तेलियाडीह गांव का रहने वाला 20 वर्षीय सोनू पिछले दो महीनों से नौनीहाट में विधायक के यहां खाना बनाने का काम कर रहा था। मनसा पूजा की छुट्टी बिताकर वह बीते शनिवार को ही काम पर लौटा था। सोमवार की सुबह उसने सबके लिए नाश्ता तैयार किया और अपने कमरे में चला गया। दोपहर का खाना बनाने के लिए जब उसे आवाज दी गई और कोई जवाब नहीं मिला, तो कमरे का दरवाजा खोलकर देखने पर उसका शव फंदे से लटकता पाया गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, विधायक समेत नौ नामजद
घटना की खबर मिलते ही मृतक सोनू के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने इस मामले को आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है और आरोप लगाया है कि सोनू की हत्या करने के बाद मामले को दबाने और खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटकाया गया। मृतक के परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, उनकी पत्नी, बेटे रवि कुमार, पुत्रवधू, साले मिथिलेश कुमार सिंह, सरहज, सरहज के बेटे, निजी चालक और स्टाफ समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
बेटे की मौत के सदमे में पिता ने खाया जहर, अस्पताल से ले गए परिजन
इस खौफनाक खबर को सोनू के पिता अनिल राउत बर्दाश्त नहीं कर सके और गहरे सदमे में आकर उन्होंने जहर खा लिया। नाजुक हालत में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि दोपहर बाद परिजन अस्पताल प्रबंधन को बिना कोई औपचारिक सूचना दिए उन्हें बेहतर इलाज के बहाने किसी अन्य जगह ले गए। इस पर अस्पताल के वार्ड इंचार्ज ने नियमों के तहत उन्हें 'लामा' यानी लिव्ड अगेंस्ट मेडिकल एडवाइस घोषित कर दिया। पिता की इस हालत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एसपी पहुंचे मौके पर, फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी कमरे और आसपास से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि केवल प्रथम दृष्टया मिली परिस्थितियों के आधार पर इसे सीधे हत्या या आत्महत्या नहीं कहा जा सकता। पुलिस पूरी तरह से पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अनुसंधान के आधार पर ही मौत के असली कारणों का खुलासा करेगी। संताल परगना प्रमंडल की 18 सीटों में से भाजपा के इकलौते विजेता विधायक होने के कारण इस मामले ने गहरा राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

5 दिन में जयराम महतो को गिरफ्तार करो!, बरवाअड्डा थानेदार विवाद पर पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम, राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद एक्शन में हाईकोर्ट!, चारा घोटाले में लालू प्रसाद समेत 54 अपीलों की सुनवाई में आएगी तेजी







