त्योहार बिगाड़ने की साजिश पड़ेगी भारी!, झारखंड पुलिस ने जारी किया रेड अलर्ट, सोशल मीडिया एडमिन भी रडार पर
ईद-मिलाद-उन-नबी को लेकर झारखंड पुलिस ने रेड अलर्ट जारी किया है। जुलूस, संवेदनशील इलाकों, सोशल मीडिया और पुराने उपद्रवियों पर नजर रहेगी। अफवाह फैलाने वालों और ग्रुप एडमिन पर कार्रवाई होगी।

Ranchi Police Alert!: आगामी ईद-मिलाद-उन-नबी के मुबारक मौके को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय पूरी तरह हरकत में आ गया है। त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के DC और SP को साफ हिदायत दी है कि किसी भी कीमत पर सामाजिक सौहार्द बिगड़ने न पाए। इसके लिए पुलिस ने अभी से ही जमीन पर तैयारी शुरू कर दी है, ताकि जुलूस, जलसों और मिलाद के कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा का चक्र एकदम अभेद्य रहे।
जुलूस के आयोजकों और रूट मैप पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस महकमे ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों में निकलने वाले छोटे-बड़े सभी जुलूसों का पाई-पाई ब्योरा जुटाने का फरमान सुनाया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि जुलूस में कौन-कौन शामिल होंगे, उनके आयोजकों के नाम और फोन नंबर क्या हैं और जुलूस किस रास्ते से होकर गुजरेगा। पुराने विवादों को ध्यान में रखते हुए ऐसे संवेदनशील रास्तों की पहचान की जा रही है जहां पहले कभी कहासुनी या तनाव की स्थिति बनी थी। ऐसे तमाम रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और गश्त बढ़ाई जाएगी।
सोशल मीडिया एडमिन और पुराने उपद्रवियों पर कसेगा शिकंजा
त्योहार में खलल डालने वाले शरारती तत्वों से निपटने के लिए पुलिस ने साल 2021 से 2025 के बीच माहौल बिगाड़ने वालों का पूरा काला चिट्ठा तैयार कर लिया है। ऐसे लोगों पर कड़ा पहरा रहेगा। इसके अलावा व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की साइबर टीम चौबीसों घंटे निगरानी रखेगी। अगर किसी ग्रुप में अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाला मैसेज शेयर हुआ, तो सिर्फ मैसेज भेजने वाले पर ही नहीं, बल्कि ग्रुप एडमिन पर भी पुलिस का डंडा चलेगा।
बोकारो, साहिबगंज और हजारीबाग की पुरानी घटनाओं से सबक
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला कप्तानों को अतीत में घटी संवेदनशील घटनाओं की याद दिलाते हुए अलर्ट रहने को कहा है। इसमें बोकारो के तेनुघाट में 2025 के दौरान धार्मिक झंडे से हुई छेड़छाड़, साहिबगंज में 2019 में विसर्जन व त्योहार के दौरान हुई पत्थरबाजी और हजारीबाग के नूरा में सजावट के बांस को लेकर हुआ विवाद शामिल है। इन सभी संवेदनशील मिसालों को सामने रखकर पुलिस अधिकारियों को स्थानीय शांति समितियों के साथ बैठक करने और आपसी बातचीत से पुराने गिले-शिकवे दूर कराने का सख्त निर्देश दिया गया है।
डीजे पर भड़काऊ गानों पर बैन और ड्राई डे का कड़ाई से पालन
त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने वाली शराब, जुआ अड्डों और प्रतिबंधित चीजों की बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी। त्योहार के दिन ड्राई डे का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इसके अलावा DJ और लाउडस्पीकर पर भड़काऊ गानों या किसी तरह के उत्तेजक नारों पर पूरी पाबंदी रहेगी। जुलूस के दौरान किसी अनहोनी को रोकने के लिए रास्तों में लटक रहे हाईटेंशन और ढीले बिजली के तारों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमशेदपुर : दाई घुटू में घरों में घुसा पानी, सामान समेटकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचे लोग

पलामू में 'खून का बदला खून'!, 2025 के कत्ल का बदला लेने के लिए बुजुर्ग का अपहरण कर उतारा मौत के घाट, फिर...







