वेस्ट बंगाल की शराब बिहार में खपाने की साजिश नाकाम!, हावड़ा-ब्लैक डायमंड ट्रेन के जनरल कोच में मिले 5 बैग भर के केन बियर
धनबाद रेलवे स्टेशन पर RPF ने हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस के जनरल कोच से 66.75 लीटर बियर और अंग्रेजी शराब जब्त की। शराब पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए थी और तस्करी की आशंका है।

Dhanbad News : धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब तस्करों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक और बड़ी सफलता मिली है। RPF की स्पेशल टास्क टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस ट्रेन से भारी मात्रा में बियर और अंग्रेजी शराब जब्त की है। ट्रेन के पिछले जनरल कोच में लावारिस हालत में रखे तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैलों से कुल 66.75 लीटर केन बियर और शराब बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 20,460 रुपये आंकी गई है।
ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस के जनरल कोच में मिले संदिग्ध बैग
यह पूरी कार्रवाई धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर हुई। जैसे ही ट्रेन संख्या 13051 हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस स्टेशन पर आकर रुकी, आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने कोचों में नियमित जांच शुरू की। तलाशी के दौरान टीम की नजर पिछले जनरल कोच में पड़े तीन बैग और दो प्लास्टिक के थैलों पर पड़ी। जवानों ने कोच में मौजूद आसपास के यात्रियों से काफी पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उन सामानों पर अपना दावा नहीं ठोका। इसके बाद आरपीएफ के जवानों ने गवाहों के सामने बैग खोलकर तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर चौंक गए।
पश्चिम बंगाल से बिहार शराब खपाने की थी साजिश
तलाशी में बैगों के अंदर से भारी मात्रा में केन बियर और अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। गौर करने वाली बात यह है कि जब्त बियर और शराब की बोतलों पर 'फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली' लिखा हुआ था। इससे यह साफ आशंका जताई जा रही है कि तस्कर शराब की इस खेप को पश्चिम बंगाल से लाकर बिहार या किसी अन्य सूखाग्रस्त/प्रतिबंधित इलाके में ज्यादा मुनाफे पर बेचने की फिराक में थे। ट्रेन के रुकने का वक्त कम होने के कारण आरपीएफ टीम ने तुरंत सारा सामान प्लेटफॉर्म के हावड़ा छोर पर उतारा और कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
उत्पाद विभाग को सौंपी गई जब्त शराब, तस्करों की तलाश शुरू
आरपीएफ पोस्ट धनबाद के उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत पर जब्त शराब और बियर की खेप को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग (Excise Department), धनबाद के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल RPF और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम CCTV फुटेज खंगालने में लगी है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े मुख्य आरोपियों और शराब के असली ठेकेदारों का सुराग लगाया जा सके।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

साउथ जाना हुआ बिल्कुल आसान!, मनोहरपुर स्टेशन पर रुकी टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस

मरीजों से जाना हाल, बेड से लेकर खाने तक की ली जानकारी, खूंटी DC का सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण







