जमशेदपुर और बंगाल पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में बचा मासूम, पश्चिम बंगाल भाग रहे किडनैपर को पुलिस ने दबोचा
जमशेदपुर के बर्मामाइंस से लापता तीन वर्षीय बच्चे आर्यन को पुलिस ने छह घंटे में खड़गपुर से सकुशल बरामद कर लिया। संयुक्त ऑपरेशन में आरोपी असलम खान गिरफ्तार हुआ। पुलिस बच्चा तस्करी के एंगल की जांच कर रही है।

Jamshedpur News : जमशेदपुर की बर्मामाइंस थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक मासूम की जान बचा ली है। कैरेज कॉलोनी स्थित सेवा आश्रम से अचानक गायब हुए तीन साल के बच्चे आर्यन महानंद को पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खड़गपुर रेलवे स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने बच्चे का अपहरण कर पश्चिम बंगाल ले जाने वाले आरोपी असलम खान (42) को रंगे हाथ दबोच लिया है। इस सफल ऑपरेशन में पश्चिम बंगाल पुलिस ने भी जमशेदपुर पुलिस का पूरा सहयोग किया।
सेवा आश्रम से अचानक गायब हो गया था 3 साल का आर्यन
पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि 4 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे समीर महानंद का तीन वर्षीय बेटा आर्यन महानंद सेवा आश्रम के पास खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन करने के बाद जब बच्चे का कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो घबराए परिजनों ने बर्मामाइंस थाने का दरवाजा खटखटाया। कुंती महानंद की लिखित शिकायत पर पुलिस ने तुरंत अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
SSP के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम, टेक्निकल इनपुट से मिली लोकेशन
मामला तीन साल के मासूम से जुड़ा था, इसलिए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) एहतेशाम वकारिव ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक स्पेशल टीम का गठन किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से सुराग जुटाना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को पक्का इनपुट मिला कि किडनैपर बच्चे को ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल की तरफ लेकर भागा है। इसके बाद जमशेदपुर पुलिस ने बिना वक्त गंवाए खड़गपुर पुलिस से संपर्क साधा और संयुक्त छापेमारी शुरू कर दी।
मासूम को मुंबई ले जाने की थी साजिश, बच्चा तस्कर गैंग पर शक
पुलिस की टीम ने खड़गपुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी असलम खान को धर दबोचा और बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि वह बच्चे को मुंबई ले जाने की फिराक में था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी असलम खान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या वह किसी अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी या मानव तस्करी (Child Trafficking) गिरोह से जुड़ा हुआ है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

साउथ जाना हुआ बिल्कुल आसान!, मनोहरपुर स्टेशन पर रुकी टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस

मरीजों से जाना हाल, बेड से लेकर खाने तक की ली जानकारी, खूंटी DC का सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण







