मरीजों से जाना हाल, बेड से लेकर खाने तक की ली जानकारी, खूंटी DC का सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण
खूंटी डीसी मोहम्मद जावेद हुसैन ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मरीजों से इलाज और भोजन की जानकारी ली और सफाई, दवा, ऑक्सीजन प्लांट व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।

Khunti News : खूंटी के उपायुक्त (DC) मोहम्मद जावेद हुसैन ने शनिवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान DC ने इमरजेंसी वार्ड, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, जांच घर, मातृ-शिशु अस्पताल, दवा वितरण केंद्र, रजिस्ट्रेशन काउंटर और डॉक्टर चेंबर समेत अस्पताल के विभिन्न विभागों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की बायोमेट्रिक/रजिस्टर उपस्थिति की जांच करते हुए सख्त निर्देश दिया कि सभी वार्डों का संचालन दुरुस्त रखा जाए और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, दवा दुकान में आवश्यक और ज्यादा खपत वाली दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा।
सफाई, पेयजल और PSA प्लांट को जल्द चालू करने के आदेश
अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर देते हुए उपायुक्त ने परिसर और शौचालयों की रोजाना साफ-सफाई, मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक निपटान, पीने के साफ पानी और मरीजों के तीमारदारों (परिजनों) के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मरीजों की सहूलियत के लिए उन्होंने परिसर में जगह-जगह साइनेज बोर्ड लगाने को कहा। इसके अलावा, आईसीयू के बेहतर संचालन और उपलब्ध संसाधनों के सही इस्तेमाल पर जोर देते हुए उन्होंने पीएसए (PSA) ऑक्सीजन प्लांट को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द चालू कराने की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही।
मरीजों से पूछा हाल-चाल, 80 से अधिक जांचें उपलब्ध हैं मुफ्त
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वार्डों में भर्ती मरीजों से खुद बातचीत की और उनसे मिल रहे इलाज, दवाइयों व दिए जा रहे भोजन का फीडबैक लिया। लैब की समीक्षा करते हुए उन्होंने जांच घर के बाहर सभी पैथोलॉजिकल टेस्ट की दरों का स्पष्ट रेट चार्ट लगाने और भीड़ से बचने के लिए सैंपल कलेक्शन का एक अतिरिक्त केंद्र बनाने पर विचार करने का सुझाव दिया। आपको बता दें कि सदर अस्पताल के डीपीएच लैब में राशनकार्डधारियों और बीपीएल परिवारों के लिए सीबीसी, ब्लड शुगर, लिवर-किडनी फंक्शन, डेंगू, मलेरिया, एचआईवी, थायरॉइड और विटामिन जैसी 80 से अधिक प्रकार की जांचें पूरी तरह मुफ्त की जाती हैं। निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने सिविल सर्जन और वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ समीक्षा बैठक कर अस्पताल संचालन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

साउथ जाना हुआ बिल्कुल आसान!, मनोहरपुर स्टेशन पर रुकी टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस

जमशेदपुर और बंगाल पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में बचा मासूम, पश्चिम बंगाल भाग रहे किडनैपर को पुलिस ने दबोचा







