रांची के विकास को लेकर CM हेमंत सोरेन सख्त, सड़क से लेकर ट्रैफिक और ड्रेनेज तक दिए बड़े निर्देश
सीएम हेमंत सोरेन ने रांची की विकास योजनाओं की समीक्षा कर सड़क, ड्रेनेज और ट्रैफिक सुधार के निर्देश दिए। हर वार्ड में वेंडर मार्केट, अनावश्यक कट बंद करने और अतिक्रमण पर कार्रवाई की योजना है।

Ranchi Development : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग और पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए रांची शहर को व्यवस्थित, सुगम और आधुनिक बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से साफ कहा कि विकास योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सीधा लाभ आम लोगों को मिलना चाहिए।
समीक्षा बैठक में रांची के रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, पार्क, चौक-चौराहे, ट्रैफिक व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम और मास्टर प्लान समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के विकास को लेकर भी दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
सड़क बने तो ड्रेनेज भी साथ, बारिश में नहीं जमा होना चाहिए पानी
मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था को भी परियोजना का अनिवार्य हिस्सा बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर वैज्ञानिक तरीके से ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए और सड़क, ड्रेनेज व पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एकीकृत डिजाइन तैयार हो।
बारिश के दौरान जलजमाव वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां प्रभावी ड्रेनेज नेटवर्क विकसित करने को कहा गया। वहीं पहले से बनी सड़कों पर जल निकासी की समस्या का तकनीकी अध्ययन कर आवश्यक सुधार करने का भी निर्देश दिया।
रांची में ट्रैफिक सुधारने के लिए अनावश्यक कट होंगे बंद
रांची की यातायात व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। शहर में चलने वाली बसों की संख्या, रूट और समय-सारणी का पूरा डेटा तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाया जा सके।
इसके अलावा सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिन्हित कर बंद करने और वाहनों के लिए निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था करने को कहा गया।
हर वार्ड में बनेगा वेंडर मार्केट, सड़क किनारे की भीड़ होगी कम
सड़क किनारे ठेला, गुमटी और अन्य स्वरोजगार के जरिए आजीविका चलाने वाले वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान देने पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया। उन्होंने हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वेंडर्स की आजीविका प्रभावित किए बिना उन्हें सम्मानजनक और व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराई जाए, जिससे सड़क पर अनियोजित बाजार और जाम की समस्या भी कम हो सके।
लटकते बिजली और इंटरनेट के तार होंगे व्यवस्थित
रांची की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लटकते बिजली, टेलीकॉम और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने का भी निर्देश दिया गया। अनावश्यक और अनुपयोगी तारों को चिन्हित कर हटाने तथा उपयोग में आने वाले तारों को सुरक्षित तरीके से लगाने को कहा गया।
पेड़ों की शाखाओं पर लटक रहे तारों को भी हटाने और उपयोगी तारों को पेड़ों व हरित क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाए बिना व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है।
सरकारी जमीन पर कब्जे की होगी पहचान, कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियोजित वेंडिंग की समस्या का समाधान करते हुए संबंधित लोगों के लिए वैकल्पिक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
रांची के साथ दूसरे शहरों के लिए भी बनेगी लंबी प्लानिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शहरों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए। शहरी नियोजन, सड़क नेटवर्क, ट्रैफिक, ड्रेनेज, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, वेंडर व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, पार्क और हरित क्षेत्र को शामिल करते हुए समग्र विकास योजना तैयार की जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कराने का सख्त निर्देश दिया। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार, रांची DC मंजूनाथ भजंत्री, रांची SSP राकेश रंजन समेत संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नहीं मिली राहत, अब चलेगा मुकदमा!, टेंडर घोटाले के आरोपी इंजीनियर अशोक गुप्ता पर कोर्ट कसेगा कानूनी शिकंजा

11 गोलियां, 15 लाख की सुपारी, जमशेदपुर में निखार सबलोक मर्डर में सफेदपोशों का हाथ ; चांडिल पुलिस के हत्थे चढ़े 6 अपराधी







