त्योहारों से पहले रांची नगर निगम का बड़ा फैसला, 48 घंटे में बनेगी खराब स्ट्रीट लाइट, टोल फ्री नंबर जारी
रांची नगर निगम ने त्योहारों और मॉनसून से पहले स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। खराब लाइट की शिकायत 48 घंटे में दूर होगी। शिकायत के लिए 1800 570 1235 पर कॉल करें।

Ranchi Street Lights : आने वाले त्योहारों और मॉनसून के मौसम को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर की पथ बत्ती (स्ट्रीट लाइट) व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए कमर कस ली है। शहरवासियों को अंधेरे और हादसों से बचाने के लिए 2 सितंबर 2026 को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में निगम की विद्युत शाखा की एक अहम समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में बंद पड़ी लाइटों को तुरंत ठीक करने, नई बत्तियां लगाने और शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा करने को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए।
53 वार्डों में 28 टीमें करेंगी पेट्रोलिंग
शहर की सड़कों पर रोशनी बनाए रखने के लिए नगर निगम के सभी 53 वार्डों में कुल 28 विशेष टीमों को तैनात किया गया है। ये टीमें लगातार इलाकों में पेट्रोलिंग कर रही हैं ताकि जहां भी स्ट्रीट लाइट खराब मिले, उसे फौरन सुधारा जा सके। अपर नगर आयुक्त ने साफ लहजे में कहा कि शहर के मुख्य रास्तों, बड़े चौक-चौराहों, व्यस्त बाजारों और कॉलोनियों में किसी भी हाल में अंधेरा नहीं दिखना चाहिए। उन्होंने मेंटेनेंस का काम संभाल रही एजेंसी मेसर्स तुलस्यान के साथ-साथ निगम के जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और लाइट इंस्पेक्टरों को खुद फील्ड में उतरकर औचक निरीक्षण करने को कहा है।
48 घंटे के अंदर दूर होगी शिकायत
निगम के कनेक्ट सेंटर पर हर महीने स्ट्रीट लाइट खराब होने की एक हजार से भी ज्यादा शिकायतें दर्ज होती हैं। अधिकारियों को साफ हिदायत दी गई है कि किसी भी शिकायत को लटकाया न जाए और 48 घंटे के भीतर हर हाल में लाइट ठीक कर दी जाए। इसके साथ ही, जिन जगहों पर लाइटें बार-बार फ्यूज या खराब हो रही हैं, वहां केवल खानापूर्ति करने के बजाय खराबी की असली जड़ का पता लगाकर स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराएं शिकायत
नगर निगम ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने इलाके में खराब लाइट की सूचना देने में सहयोग करें। अगर आपके मोहल्ले या गली की स्ट्रीट लाइट बंद है, तो आप निगम के टोल फ्री नंबर 1800 570 1235 पर सीधे कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बैठक में सहायक नगर आयुक्त सूरज प्रकाश सिंह चौधरी समेत तकनीकी शाखा के कई अभियंता और मेंटेनेंस एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नहीं मिली राहत, अब चलेगा मुकदमा!, टेंडर घोटाले के आरोपी इंजीनियर अशोक गुप्ता पर कोर्ट कसेगा कानूनी शिकंजा

11 गोलियां, 15 लाख की सुपारी, जमशेदपुर में निखार सबलोक मर्डर में सफेदपोशों का हाथ ; चांडिल पुलिस के हत्थे चढ़े 6 अपराधी







