JPSC आंदोलन या BJP का 'पॉलिटिकल स्टंट'?, चतरा में JMM बोली- छात्रों की आड़ में रची जा रही है बड़ी साजिश!
चतरा में JMM नेताओं ने JPSC-JSSC विवाद को लेकर BJP पर छात्र आंदोलन का राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया। JMM ने निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया से समाधान की मांग की।

Chatra: झारखंड में JPSC और JSSC-CGL परीक्षाओं को लेकर चल रहा विवाद अब सियासी रंग लेता जा रहा है। चतरा में JMM नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर छात्र आंदोलन को भटकाने और इस मुद्दे से राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया।
JMM जिला कोषाध्यक्ष नितेश राणा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष कोचिंग संचालकों और कथित परीक्षा माफिया को आगे कर छात्रों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार युवाओं और छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है।
परीक्षा रद्द करने के फैसले का किया बचाव
नितेश राणा ने कहा कि परीक्षा में धांधली की शिकायत सामने आने के बाद राज्य सरकार ने परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया था। फिलहाल मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में छात्रों को संयम बनाए रखते हुए न्यायिक प्रक्रिया के फैसले का इंतजार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के हित में हर जरूरी कदम उठाने के लिए तैयार है और किसी भी तरह की अनियमितता को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
'छात्रों की लड़ाई को राजनीतिक मंच नहीं बनने देंगे'
JMM के जिला प्रवक्ता सत्येंद्र मित्तल ने कहा कि छात्रों की न्याय की लड़ाई महत्वपूर्ण है, लेकिन इसे राजनीतिक मंच बनाने की कोशिश नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने भाजपा पर आंदोलन को अपने राजनीतिक हित के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
संजय सेठ पर भी साधा निशाना
JMM युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राहुल यादव ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ के बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को दूसरों को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाने से पहले अपने कार्यकर्ताओं के रवैये पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किया था। राहुल यादव ने कहा कि ऐसे व्यवहार के बाद भाजपा नेताओं को नैतिकता का सवाल उठाने से पहले अपने संगठन के कार्यकर्ताओं के आचरण पर विचार करना चाहिए।
JMM नेताओं ने कहा कि JPSC-JSSC विवाद का समाधान राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के जरिए होना चाहिए।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







