चास को जाम से मिलेगी राहत! जोधडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक बनेगा फ्लाईओवर, केंद्र से मिली मंजूरी
बोकारो के चास शहर के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रोज़-रोज़ के ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों को अब जल्द निजात मिल सकती है। जोधडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। लेकिन अब इस तस्वीर के बदलने की उम्मीद जगी है।


बोकारो : चास शहर में रोज़ाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। जोधडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से धनबाद सांसद को इसकी जानकारी दी है। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने भी प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की पुष्टि की है।धनबाद-पुरुलिया मुख्य मार्ग पर स्थित जोधडीह मोड़ लंबे समय से शहर का सबसे बड़ा ट्रैफिक हॉटस्पॉट बना हुआ है। यहां चौराहा होने की वजह से वाहनों का भारी दबाव रहता है और अक्सर लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। ट्रैफिक जाम के कारण सड़क हादसों का खतरा भी लगातार बना रहता है।
इसी समस्या के समाधान के लिए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि फ्लाईओवर बनने के बाद चास की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। हालांकि, इस परियोजना को लेकर कुछ सवाल भी उठ रहे हैं। चास नगर निगम के वार्ड पार्षद राहुल कुमार का कहना है कि फ्लाईओवर बनने से सड़क किनारे के छोटे दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जोधडीह मोड़ पर जाम की बड़ी वजह एनएचआई की लापरवाही है। उनके मुताबिक निर्माण के दौरान यहां गोलंबर नहीं बनाया गया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था और बिगड़ गई। वहीं, आजसू नेता अशोक महतो ने फ्लाईओवर निर्माण के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह चास की वर्षों पुरानी जाम की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने निर्माण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखने की मांग की।
उधर, बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को ही मंजूरी मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि फ्लाईओवर बनने के बाद चास के लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी
रिपोर्ट - संजीव सिंह बोकारो, झारखंड

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सुल्तानगंज जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए एक्शन में गिरिडीह पुलिस खुद एसपी ने लिया जायजा

कचरे में मिला 5 महीने के भ्रूण का शव, मेडिकल स्टोर पर छापा... खुली कई चौंकाने वाली परतें!







