बस ने ली 5 साल के मासूम की जान, मौत के बाद भड़का गुस्सा!
पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन में कुरनिया माता मंदिर के पास बस की चपेट में आने से 5 साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और बस में तोड़फोड़ की।


पूर्वी चंपारण: घोड़ासहन में दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। कुरनिया माता मंदिर के पास वैष्णव ट्रेवल्स की बस की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम शिवांश कुमार की मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि शिवांश अपने परिजनों के साथ कुरनिया माता मंदिर में पूजा करने गया था। इसी दौरान ढाका की ओर से घोड़ासहन आ रही वैष्णव ट्रेवल्स की बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया।
रास्ते में ही मासूम ने तोड़ा दम
परिजन आनन-फानन में उसे घोड़ासहन के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मोतिहारी रेफर कर दिया। लेकिन मोतिहारी पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को स्थानीय बस स्टैंड में रख दिया और ढाका-घोड़ासहन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
परिजनों ने किया सड़क जाम
विरोध के दौरान सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। आक्रोश यहीं नहीं थमा। गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बस को घेर लिया और ईंट-पत्थर एवं डंडों से बस पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सड़क जाम और आगजनी की सूचना मिलते ही घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और सड़क पर जल रहे टायरों की आग बुझाई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। वहीं, मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एक मासूम की मौत ने सड़क पर गुस्से की आग भड़का दी-अब पुलिस जांच के साथ मुआवजे और हादसे की जिम्मेदारी पर भी सबकी नजर है।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पहले जमीन और पक्का घर दो, फिर खाली करेंगे मकान’, घर टूटने का डर, डीएम ऑफिस पहुंचे महादलित परिवार

‘समझौता नहीं किया तो...’ मृतक की भतीजी के दावे से बेढ़ना कांड में बढ़ा सस्पेंस







