सांप के काटने से सांप और बच्ची दोनों की मौत, कैमूर की घटना ने सबको चौंकाया
कैमूर के सिसौडा गांव में 9 वर्षीय बच्ची की सांप के डसने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर जो नजारा सामने आया, उसने ग्रामीणों को हैरान कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


कैमूर के सिसौडा गांव में सांप के डसने से एक 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की पहचान शिवांगी कुमारी के रूप में हुई है जो गांव के रहने वाले राजू बिंद की बेटी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी मातम का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि शिवांगी शनिवार को खेत की ओर खेलने के लिये गई हुई थी। वह गांव की पुलिया के पास खड़ी थी, तभी एक सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने सांप की तलाश की तो वह भी वहीं मरा हुआ मिला। इस बात की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को अपने साथ ले गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। बच्ची की दादी का बयान भी पुलिस ने दर्ज किया है। रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि बच्ची की मौत सर्पदंश से होने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, उन्होंने सांप के मरने की जानकारी होने से इनकार किया है।
इधर, पंचायत के मुखिया प्रदीप कुमार सिंह ने बच्ची के परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है। उनके मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और ऐसे समय में सरकारी मदद से उन्हें काफी सहारा मिल सकता है।
दो दिनों में सर्पदंश से चार मौतों ने बढ़ाई चिंता
कैमूर में पिछले दो दिनों के दौरान सर्पदंश की कई घटनाएं सामने आई हैं। कुदरा थाना क्षेत्र के अजगरा गांव में सांप के डसने से दो भाइयों की मौत हुई थी। इसके बाद चांद थाना क्षेत्र के बीउरी गांव में भी एक किशोरी की सर्पदंश से मौत की खबर सामने आई।
अब सिसौडा में 9 साल की बच्ची की मौत के बाद इन घटनाओं को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच गांवों में सांपों से बचाव को लेकर भी लोगों के बीच सतर्कता बढ़ी है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









