एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का शव पहुंचा पैतृक गांव, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
कल तक जो सुजीत सिन्हा पूरे इलाके में खौफ का दूसरा नाम था, आज उसका शव गांव पहुंचते ही वहां सन्नाटा पसर गया है, बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा

Gangster Sujeet Sinha Encounter: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का शव मंगलवार को पलामू के हुसैनाबाद स्थित उसके पैतृक गांव पथरा पहुंच गया है। कल तक जो सुजीत सिन्हा पूरे इलाके में खौफ का दूसरा नाम था, आज उसका शव गांव पहुंचते ही वहां सन्नाटा पसर गया है। बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ पूरा इलाका
अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी तरह का बवाल या अनहोनी ना हो, इसके लिए गांव और आसपास के इलाके में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। हुसैनाबाद के थाना प्रभारी सोनू कुमार खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे हुए हैं और पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं। पहले यह बात सामने आ रही थी कि मंगलवार को ही अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा, लेकिन अब यह प्रक्रिया बुधवार को पूरी होगी। सुजीत के अंतिम दर्शन के लिए परिजन और गांव वाले धीरे-धीरे जुटने लगे हैं और पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए है ताकि सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से निपट जाए।
रास्ते में पुलिस पर तानी थी राइफल, फिर हुआ एनकाउंटर
आपको बता दें कि इस कुख्यात अपराधी का अंत भी बहुत ही नाटकीय ढंग से हुआ था। साहिबगंज जेल से धनबाद जेल ले जाने के दौरान जामताड़ा जिले में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, सफर के दौरान रास्ते में सुजीत ने अचानक एक सुरक्षाकर्मी की राइफल छीन ली और पुलिस टीम पर ही हमला करने की कोशिश की। इस अचानक हुए हमले के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुजीत सिन्हा मारा गया।
सजायाफ्ता पत्नी रिया सिन्हा भी हो सकती है शामिल
वैसे तो सुजीत सिन्हा का आपराधिक नेटवर्क झारखंड के कई जिलों तक फैला हुआ था, लेकिन वह मूल रूप से पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के इसी पथरा गांव का रहने वाला था। अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद उसका परिवार काफी लंबे समय से झारखंड से बाहर ही रह रहा था। अब उसके अंतिम संस्कार के लिए सभी परिजन वापस गांव पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार, ऐसी भी संभावना जताई जा रही है कि सुजीत की सजायाफ्ता पत्नी रिया सिन्हा भी अंतिम संस्कार में शामिल हो सकती है। इस वीआईपी और संवेदनशील मूवमेंट को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

JPSC में अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए बने नई कमेटी, JLKM का जोरदार प्रदर्शन, सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

300 बेड के अस्पताल निर्माण में लापरवाही या कुछ और? विनोद की मौत का सस्पेंस गहराया, उठ रहे कई सवाल?







