भैंस नहलाने के पानी को लेकर खूनी विवाद, दो की मौत
मोतिहारी के जिहुली गांव में भैंस नहलाने के पानी को लेकर विवाद के बाद खूनी संघर्ष हुआ। महिला समेत दो लोगों की मौत, एक घायल; दो लोग हिरासत में हैं।


मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में भैंस नहलाने के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद गुरुवार शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज पताही सीएचसी में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान 36 वर्षीय जमी अख्तर और 40 वर्षीय मदीना खातून के रूप में हुई है। वहीं जमी अख्तर के भसुर मही अख्तर के घायल होने की बात सामने आई है।
सुबह सड़क पर पानी गिरने को लेकर हुआ विवाद
परिजनों के मुताबिक, जमी अख्तर गुरुवार सुबह सड़क पर भैंस नहला रहे थे। इस दौरान भैंस को नहलाने का पानी सड़क से दूसरी तरफ जा रहा था। इसी बात को लेकर अनिल सिंह वहां पहुंचा और कहासुनी शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। विवाद दोबारा न हो, इसके लिए पाइप लगाने की बात कही गई, जिसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए।
शाम को फिर बढ़ा विवाद, चाकूबाजी में दो की मौत
परिजन नगमा खातून के मुताबिक, शाम के समय जब वह घास लेकर घर लौट रही थीं, तब उन्होंने अनिल सिंह को कुछ लोगों के साथ खड़े देखा। बातचीत के दौरान सुबह हुए विवाद का जिक्र हुआ। इसके कुछ देर बाद अचानक शोर मचा कि जमी अख्तर को चाकू मार दिया गया है।
परिजनों और स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने पर जमी अख्तर, मदीना खातून और मही अख्तर घायल हालत में मिले। सभी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जमी अख्तर और मदीना खातून को मृत घोषित कर दिया। मही अख्तर का इलाज चल रहा है।
हालांकि, घटना की पूरी वजह और हमले में किसकी क्या भूमिका थी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
एक परिवार में कमाने वाला गया, दूसरे में पांच बच्चों के सिर से उठा साया
जमी अख्तर मजदूरी कर अपने परिवार का खर्च चलाते थे। बताया गया कि वह पलाई फैक्ट्री में काम करते थे और अपने तीन बच्चों की पढ़ाई समेत परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी और बच्चों की पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है।
वहीं मदीना खातून भी अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गई हैं। उनके पति भी पलाई फैक्ट्री में काम करते हैं। मदीना घर संभालने के साथ बच्चों की देखभाल करती थीं। अचानक हुई मौत से उनका परिवार सदमे में है।
दो हिरासत में, बाकी आरोपितों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही पकड़ीदयाल के प्रभारी डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। सुबह मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद शाम तक दो लोगों की मौत तक पहुंच गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संघर्ष की शुरुआत कैसे हुई और इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

लक्ष्मण मांझी ने जीतन राम मांझी और संतोष सुमन का फूंका पुतला, आरक्षण के ख़िलाफ़ प्रदर्शन!

खटारा स्कूल वैन की बैटरी फटी, 6 बच्चे झुलसे; क्षमता 12 की, सवार थे 22! फिर भी देखिए स्कूल वाले क्या कह रहे







