कानून-व्यवस्था पर BJP ने हेमंत सरकार को घेरा, 2 को मशाल जुलूस और 3 अप्रैल को झारखंड बंद का ऐलान
2 अप्रैल को झारखंड बीजेपी पूरे राज्य के प्रखंड और जिला मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकालेगी. साथ ही 3 अप्रैल को राज्यव्यापी ऐतिहासिक बंद का भी ऐलान किया गया है.

Ranchi News: झारखंड की कानून व्यवस्था को लेकर बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने रांची हरमू स्थित बीजेपी कार्यालय में प्रेस वार्ता किया. इस दौरान उन्होंने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला. प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में अपराध चरम पर है और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है.
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने ऐलान किया कि कल, गुरुवार 2 अप्रैल को बीजेपी पूरे राज्य के प्रखंड और जिला मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकालेगी. साथ ही 3 अप्रैल को राज्यव्यापी ऐतिहासिक बंद का भी ऐलान किया गया है.
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि वर्ष 2020 से 2026 तक के अपराध के आंकड़े बेहद चिंताजनक हैं. उनके अनुसार इस अवधि में 10,113 से अधिक दुष्कर्म के मामले सामने आए, जबकि 11,003 अपहरण की घटनाएं दर्ज की गईं. इसके अलावा 6,000 से अधिक चोरी और जनवरी 2026 तक 9,213 हत्याओं के मामले दर्ज हुए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में 2 लाख 80 हजार से अधिक संगीन अपराध हो चुके हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में “रहमान डकैत” जैसे अपराधी खुले आम घूम रहे हैं और आम जनता भय के माहौल में जी रही है. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस अपराध नियंत्रण के बजाय खनिज संपदाओं की चोरी में व्यस्त है. बालू, लोहा और कोयला की अवैध तस्करी सरकार के संरक्षण में हो रही है और इसमें पुलिस की भी संलिप्तता है.
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि ये सभी आंकड़े नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) के आधिकारिक डेटा पर आधारित हैं और राज्य की विधि-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस तब ही सक्रिय होती है जब बीजेपी और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू इस मुद्दे को उठाते हैं. अंत में उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन जनता को यह गारंटी दे कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं होंगी और राज्य में कानून-व्यवस्था को तुरंत सुदृढ़ किया जाए.
रिपोर्ट- सत्यव्रत किरण
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

GST अधिकारी बताकर लूट लिए 25 लाख के जेवर, कारीगर को जंगल में फेंक हो गए फरार, छापेमारी के लिए गठित की जाएंगी दो टीमें

उपायुक्त की अध्यक्षता में शासी समिति की बैठक,लिए गए अहम निर्णय






