NEET री-टेस्ट की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, TELEGRAM की सेवाएं 22 जून तक प्रतिबंधित
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए 22 जून तक टेलीग्राम एक्सेस सीमित, 30 जून तक मैसेज एडिटिंग फीचर भी रहेगा बंद.

NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले केंद्र सरकार ने परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। Ministry of Electronics and Information Technology (MeitY) के निर्देश पर भारत में TELEGRAM की सेवाओं पर 22 जून 2026 तक अस्थायी रोक लगा दी गई है। यह फैसला Information Technology Act की धारा 69A के तहत लिया गया है।
सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार, हाल के दिनों में टेलीग्राम पर कई ऐसे चैनल और ग्रुप सक्रिय पाए गए थे जो कथित पेपर लीक, फर्जी सवालों और परीक्षा से जुड़ी गलत जानकारी फैलाकर छात्रों को गुमराह कर रहे थे। कुछ मामलों में छात्रों से बड़ी रकम वसूलने की शिकायतें भी सामने आई थीं।
इसी वजह से 21 जून को होने वाली NEET UG री-एग्जाम से पहले प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा टेलीग्राम के मैसेज एडिट करने वाले फीचर को भी 30 जून तक बंद रखने को कहा गया है। एजेंसी का मानना है कि इस फीचर का गलत इस्तेमाल कर पुराने संदेशों में बदलाव करके पेपर लीक के झूठे दावे किए जा सकते हैं।
NTA ने माना कि इस फैसले से सामान्य यूजर्स को कुछ असुविधा हो सकती है, लेकिन परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा को देखते हुए यह कदम जरूरी है। एजेंसी ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी को ही सही मानें।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









