'नोट डबल' के नाम पर ठगी का बड़ा खेल बेनकाब, बर्खास्त BMP जवान समेत 9 गिरफ्तार; नकली नोट, वर्दी और हथियार बरामद
मोतिहारी पुलिस ने 'नोट डबल' के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बर्खास्त BMP जवान और दो बर्खास्त होमगार्ड जवान समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नकली नोट, हथियार और पुलिस की वर्दियां भी बरामद की हैं।


मोतिहारी: अगर कोई आपको कहे कि ₹1 लाख के बदले आपको ₹2 लाख मिलेंगे, तो तुरंत सतर्क हो जाइए। मोतिहारी पुलिस ने ऐसे ही एक चालाक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लोगों को 'नोट डबल' करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक बर्खास्त BMP जवान, दो बर्खास्त होमगार्ड जवानों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग ₹4 लाख मूल्य के 'Children Bank' के नकली नोट, ₹34 हजार नकद, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, पुलिस की कई वर्दियां और ठगी में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान बरामद किए हैं।
'नोट डबल' का झांसा, फिर लाखों की ठगी
मामले का खुलासा करते हुए सदर एसडीपीओ जितेश पांडे ने बताया कि यह गिरोह लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर फंसाता था। भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने 'Children Bank' लिखे नकली नोटों का इस्तेमाल किया, जिससे पीड़ितों को ऐसा लगता था कि उनके सामने असली नोटों की गड्डियां हैं। जब लोग इस गिरोह के झांसे में आ जाते थे, तब उनसे बड़ी रकम लेकर ठगी कर ली जाती थी। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह काफी समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस को गिरोह की गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जितेश पांडे के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। योजनाबद्ध तरीके से की गई छापेमारी में पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ और गिरोह के सभी नौ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बर्खास्त पुलिसकर्मी भी निकले गिरोह के सदस्य
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक बर्खास्त BMP जवान और दो बर्खास्त होमगार्ड जवान शामिल हैं, जो बिहार पुलिस से जुड़े थे। इनमें से दो आरोपी भोजपुर जिले के हैं, जबकि बाकी सात आरोपी पूर्वी चंपारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंसमन गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस की वर्दियां मिलने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि ये आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे और फिर उन्हें ठगी का शिकार बना लेते थे। हालांकि, इस पहलू की जांच अभी भी जारी है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगा है, इसका नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है, और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट...

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चार बच्चों की मां ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश! गया पुलिस ने 6 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा

आय से अधिक संपत्ति मामले में सासाराम के कार्यपालक अभियंता के 6 ठिकानों पर EOU की छापेमारी







