Bihar Protest Day 2: गर्दनीबाग में छात्रों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी, ‘सिंगल एग्जाम’ की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
पटना के गर्दनीबाग में शिक्षक भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है। छात्र अमन अनशन पर बैठ गए हैं, जबकि छात्र नेता दिलीप ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।


पटना: गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन दूसरे दिन भी थमा नहीं है। शिक्षक भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच छात्र अमन अनशन पर बैठ गए हैं, जबकि छात्र नेता दिलीप ने सरकार को तीन दिन का समय दिया है। उनका कहना है कि अगर इस दौरान मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई, तो वह भी आमरण अनशन शुरू करेंगे।
छात्रों का कहना है कि मामला सिर्फ TRE-4 के नोटिफिकेशन का नहीं है। उनकी मांग है कि शिक्षक भर्ती के लिए सिंगल एग्जाम सिस्टम लागू किया जाए, ताकि बार-बार अलग-अलग परीक्षाओं से गुजरने की स्थिति खत्म हो।
TRE-4 से आगे की मांग
प्रदर्शनकारी छात्र निगेटिव मार्किंग हटाने और दूसरी सरकारी भर्तियों में पारदर्शी व्यवस्था की भी मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार उठने वाले सवालों से अभ्यर्थियों के बीच असमंजस बना हुआ है। छात्र चाहते हैं कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट नीति बनाए और परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करे।
गर्दनीबाग पहुंच रहे शिक्षक और विपक्षी नेता
आंदोलन के दूसरे दिन छात्रों के समर्थन में शिक्षक और विपक्षी नेताओं के भी गर्दनीबाग पहुंचने की बात सामने आई है। इससे प्रदर्शन को लेकर सियासी हलचल भी बढ़ने लगी है।
अब छात्रों की नजर सरकार के रुख पर है। अमन के अनशन और दिलीप के अल्टीमेटम के बाद आने वाले दिन आंदोलन के लिए अहम माने जा रहे हैं। प्रदर्शनकारी फिलहाल अपनी मांगों पर अड़े हैं और गर्दनीबाग में धरना जारी है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









