MS कॉलेज में बड़ी साजिश का खुलासा! रेकी कर घुसे थे बदमाश, मास्टर चाबी के अन्य चीज़ें भी बरामद
मोतिहारी के एमएस कॉलेज में अपराध की साजिश रचने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर सात सदस्यीय चोर गिरोह का खुलासा किया।


मोतिहारी: एमएस कॉलेज, मोतिहारी में किसी बड़े अपराध की साजिश रचने की सूचना ने शहर में सक्रिय एक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घर की रेकी कर चोरी करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के आभूषणों को गलाकर तैयार किया गया सोने जैसा पीला पदार्थ, नकदी, मास्टर चाबियां, ताला तोड़ने के औजार, मोबाइल फोन और कई वाहन बरामद किए गए हैं।
सदर SDPO दिलीप कुमार के अनुसार, 26 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एमएस कॉलेज परिसर में कुछ अपराधी किसी बड़े अपराध की योजना बनाने के लिए जुटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस ने एमएस कॉलेज के अलावा छतौनी बस स्टैंड और सोनारपट्टी इलाके में भी कार्रवाई की। तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस गिरोह तक पहुंची।
पहले रेकी, फिर ताला तोड़कर चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले घरों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। चोरी के सामान को वाहनों के जरिए सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जिले में हुई चोरी की कितनी घटनाओं में गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 15 मास्टर चाबियां, तीन लंबे लोहे के औजार, बड़ा पेचकस और प्लास बरामद किया है। इसके अलावा आठ मोबाइल फोन और पहचान छिपाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले मास्क व काले कपड़े भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, रेकी और चोरी के दौरान आरोपियों द्वारा पुराने शर्ट और हाफ पैंट का इस्तेमाल भी किया जाता था।
चार वाहन और 60 हजार रुपये भी मिले
छापेमारी में पुलिस ने दो चारपहिया वाहन, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक और एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी बरामद की है। इनके इस्तेमाल से रेकी करने और चोरी के सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा पुलिस को 60 हजार रुपये नकद, करीब 66.07 ग्राम सोने जैसा दिखने वाला पीला पदार्थ, चांदी जैसी दिखने वाली दो कटोरी और दो अन्य धातु के सामान भी मिले हैं।
सात आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार (26), रूस्तम अली (47), बिट्टू मियां (32), परवेज आलम (34), राजा कुमार (26), जितेंद्र कुमार (40) और रोहित राज (26) के रूप में हुई है। सभी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस जिले में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं में इनकी कथित संलिप्तता और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने पर है। सात आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में सामान बरामद होने के बाद मोतिहारी शहर में सक्रिय चोरी के नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच और तेज हो गई है।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा सदर अस्पताल में बवाल के बाद इमरजेंसी बहाल, OPD पर अब भी ताला!

TRE-4 पर सरकार का बड़ा यू-टर्न! छात्रों के आंदोलन के बीच CM सम्राट चौधरी का ऐलान







