मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज, डीसी ने नशा मुक्त जागरूकता रथ को किया रवाना
पलामू जिले में मादक पदार्थों के सेवन और इसके अवैध कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान को तेज कर दिया

Medininagar Palamu पलामू जिले में मादक पदार्थों के सेवन और इसके अवैध कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने समाहरणालय परिसर से नशा मुक्त जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और गांवों में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जागरूक करेगा। कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने और इसके अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल कानून लागू करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को जागरूक बनाना भी उतना ही आवश्यक है।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर जिले में राज्यव्यापी नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य किशोरों और युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, सरकारी एजेंसियों, गैर सरकारी संस्थानों, जेएसएलपीएस की महिला समूहों, पंचायती राज संस्थाओं तथा शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। इन संस्थाओं को अपने स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।
जागरूकता रथ के माध्यम से गांव-गांव तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। इसके तहत जिला एवं प्रखंड स्तर पर कार्यशालाएं, बाजार-हाट में नुक्कड़ नाटक, विद्यालयों में क्विज और निबंध प्रतियोगिता, प्रभात फेरी तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। :::
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नीति आयोग की बैठक में हेमंत सोरेन ने रखा झारखंड के समग्र विकास का विजन, केंद्र से मांगा सहयोग

छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी: सी-डैक पटना और एसबीयू के बीच बनी तकनीकी सहयोग पर सहमति







