टहलने निकले बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डाला था!, रांची के मधेश्वर सिंह हत्याकांड में अमन और अनिकेत की जमानत खारिज
राजधानी रांची के बहुचर्चित मधेश्वर सिंह हत्याकांड मामले में नामजद आरोपियों की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।


Ranchi Civil Court: राजधानी रांची के बहुचर्चित मधेश्वर सिंह हत्याकांड मामले में नामजद आरोपियों की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। रांची व्यवहार न्यायालय के अपर न्याययुक्त पवन कुमार की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी अमन कच्छप और अनिकेत कच्छप की जमानत याचिका को पूरी तरह खारिज कर दिया है। अदालत के इस सख्त रुख के बाद आरोपियों को फिलहाल जेल की सलाखों के पीछे ही रहना होगा।
31 जनवरी की रात टहलने निकले थे मधेश्वर सिंह, विवाद के बाद हुआ था जानलेवा हमला
घटना की पृष्ठभूमि के अनुसार, 31 जनवरी की रात लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोअर बर्दमान कंपाउंड स्थित धोबी घाट के पास मधेश्वर सिंह रोजाना की तरह अपने घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका विवाद अमन कच्छप और अनिकेत कच्छप से हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने बुजुर्ग मधेश्वर सिंह पर लाठी-डंडों और घूंसों से अंधाधुंध हमला बोल दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
पिता की चीख सुनकर बचाने आए बेटे को भी पीटा, इलाज के दौरान हुई थी मौत
हमले के दौरान बुजुर्ग पिता की दर्दनाक चीख-पुकार सुनकर जब उनका बेटा अंकित सिंह बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचा, तो हमलावरों ने उन पर भी रहम नहीं किया। आरोपियों ने अंकित को भी बुरी तरह पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत रिम्स (RIMS) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण इलाज के दौरान मधेश्वर सिंह ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को भेजा था जेल, अदालत ने नहीं दी कोई राहत
मामले की नृशंसता को देखते हुए लालपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और मुख्य आरोपी अमन कच्छप व अनिकेत कच्छप को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। अनुसंधान के दौरान इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी मुन्ना कच्छप को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया था। अदालत में आरोपियों की ओर से दायर जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अपराध की गंभीरता और साक्ष्यों को मजबूती से रखा, जिसके बाद अपर न्याययुक्त की अदालत ने दोनों मुख्य आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मारपीट मामले में 14 नामजद समेत कई अज्ञात पर मुकदमा, फुटेज खंगाल रही पुलिस

'सिस्टम में खराबी का मतलब नुकसान नहीं!, HDFC Securities के खिलाफ 4.5 लाख का क्लेम खारिज, उपभोक्ता फोरम का बड़ा फैसला







