गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा पलामू कोर्ट में पेश, आधे घंटे में दर्ज हुआ बयान, फिर भेजी गईं चाईबासा जेल
पलामू जिले के चर्चित पड़वा गोलीकांड मामले में दिवंगत गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा शनिवार को पलामू व्यवहार न्यायालय में पेश हुईं।


Palamu: पलामू जिले के चर्चित पड़वा गोलीकांड मामले में दिवंगत गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा शनिवार को पलामू व्यवहार न्यायालय में पेश हुईं। ADJ-8 (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अष्टम) आइशा खान की अदालत में रिया सिन्हा की सशरीर उपस्थिति दर्ज कराई गई। करीब आधे घंटे तक चली अदालती प्रक्रिया और बयान दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वापस चाईबासा जेल भेज दिया।
2019 के पड़वा गोलीकांड में दर्ज हुआ बयान, जमानत के बाद भी सशरीर पेशी का था आदेश
रिया सिन्हा के अधिवक्ता चितरंजन पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला वर्ष 2019 में पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से जुड़ा हुआ है। इस कांड में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के साथ उनकी पत्नी रिया सिन्हा सहित कई अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। रिया सिन्हा इस मामले में पहले से ही जमानत पर थीं, लेकिन अदालत ने ST संख्या 255/2019 की सुनवाई के तहत उन्हें सशरीर उपस्थित होने का सख्त आदेश दिया था। इसी आदेश के अनुपालन में ADJ-8 की कोर्ट में उनका विधिवत बयान दर्ज किया गया।
चाईबासा से पलामू तक रहा कड़ा सुरक्षा घेरा
सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए रिया सिन्हा को भारी पुलिस बल और सुरक्षा दस्ते की निगरानी में शुक्रवार की शाम चाईबासा जेल से पलामू लाया गया था। शनिवार की सुबह अदालत परिसर में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोर्ट में पेशी की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही सुरक्षा बल उन्हें लेकर सीधे चाईबासा जेल के लिए रवाना हो गया।
सुजीत सिन्हा की मौत और पैरोल की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि 02 अगस्त 2026 की रात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किए जाने के दौरान जामताड़ा जिले की सीमा में पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया था। वाहन बदलने के दौरान सुजीत सिन्हा ने जवान का हथियार छीनकर भागने और फायरिंग करने की कोशिश की थी, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार और 5 अगस्त को हुसैनाबाद प्रखंड के पैतृक गांव पथरा में आयोजित श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए रिया सिन्हा को तीन दिनों की पैरोल दी गई थी। सुजीत सिन्हा झारखंड का कुख्यात अपराधी रहा है और उसकी पत्नी रिया सिन्हा पर भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पूजा करने निकली थीं और पहुंच गईं तमिलनाडु!, हजारीबाग से लापता मां और दो बेटियां सकुशल बरामद

रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मारपीट मामले में 14 नामजद समेत कई अज्ञात पर मुकदमा, फुटेज खंगाल रही पुलिस







