मोतिहारी में चोरों का दुस्साहस! पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद के बंद घरों को बनाया निशाना
मोतिहारी के आदापुर में चोरों ने पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद के बंद पैतृक घरों को निशाना बनाया। ताले तोड़कर घर के अंदर सामान खंगाला गया और कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए। पुलिस अब वारदात के पीछे के सुराग तलाश रही है।


मोतिहारी: मोतिहारी के आदापुर में चोरों ने ऐसा दुस्साहस किया है कि इलाके में पुलिस गश्ती को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिले में बेखौफ चोरों ने अब पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री के पैतृक घर को भी निशाना बना दिया। शिवहर की पूर्व भाजपा सांसद रामा देवी और पूर्व मंत्री श्याम बिहारी के आदापुर थाना क्षेत्र के भेड़िहरी गांव स्थित पैतृक घर में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने गेट तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय पूर्व मंत्री इलाज के सिलसिले में पूरे परिवार के साथ दिल्ली में थे और घर करीब दो माह से बंद था।
रविवार सुबह सफाईकर्मी भिखारी पटेल कैंपस की सफाई करने पहुंचे तो घर का मुख्य गेट टूटा हुआ मिला। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद आदापुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर जांच शुरू कर दी।
दो माह से बंद था घर
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया है। दोनों टीमें मौके से साक्ष्य जुटाने और चोरों के सुराग तलाशने में लगी हैं। पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
सफाईकर्मी भिखारी पटेल ने बताया कि पूर्व मंत्री का दिल्ली में इलाज चल रहा है। वह अपने छोटे भाई के शहादत दिवस के मौके पर 13 जून को गांव स्थित पैतृक घर आए थे। अगले दिन 14 जून को दिल्ली लौट गए। इसके बाद से घर बंद था। सफाईकर्मी के अनुसार, उनका काम केवल कैंपस की सफाई करना और घर को बंद कर देना था। उन्होंने आशंका जताई कि घर की बाउंड्री छोटी होने के कारण चोर आसानी से अंदर प्रवेश कर गए होंगे।
पुलिस का दावा-जल्द होगा खुलासा
आदापुर इंस्पेक्टर रंजय कुमार ने बताया कि पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री के पैतृक घर में चोरी की सूचना मिली है। घर को सील कर दिया गया है। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
चोरी में कितनी संपत्ति और सामान ले जाया गया है, इसका आकलन पूर्व मंत्री के परिवार के घर लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

तेजस्वी यादव के आरोपों पर ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ का पलटवार, कहा- ‘साक्ष्य है तो सामने रखिए’

खिचड़ी में दिखी मरी छिपकली, फिर बिगड़ी 60 बच्चों की तबीयत! मधेपुरा के स्कूल में हड़कंप







