Social Media में बच्चा 'Suicide' शब्द ज्यादा सर्च करता है, तो पैरेंट्स को जाएगा अलर्ट, Meta ने लागू किए नए फीचर्स
नाबालिग बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेटा कंपनी ने अपने सभी प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेनिजेंस के प्रयोग से नए फीचर्स लागू किए हैं.

Ranchi, Jharkhand : मेटा ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और मैसेंजर पर किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए कई नए फीचर्स की घोषणा की है. कंपनी ने टीन अकाउंट्स के लिए 13+ कंटेंट सेटिंग्स को वैश्विक स्तर पर लागू करना शुरू कर दिया है, जिसके तहत किशोरों को उनकी उम्र के अनुरूप कंटेंट दिखाया जाएगा और अनुपयुक्त सामग्री तक उनकी पहुंच सीमित की जाएगी.
उम्र की पहचान करेगा AI
मेटा ने AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित आयु पहचान तकनीक का भी विस्तार किया है, जो प्रोफाइल, पोस्ट, कमेंट, बायो, फोटो और वीडियो में मौजूद संकेतों का विश्लेषण कर कम उम्र के खातों की पहचान करने में मदद करेगी. कंपनी के अनुसार यह तकनीक फेशियल रिकग्निशन का उपयोग नहीं करती, बल्कि उम्र का अनुमान लगाने के लिए विभिन्न संकेतों का आंकलन करती है.
माता-पिता को जाएगा अलर्ट का नोटिफिकेशन
इसके अलावा इंस्टाग्राम सुपरविजन फीचर के तहत यदि कोई किशोर कम समय में बार-बार आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने से जुड़े शब्द खोजता है, तो उसके माता-पिता को अलर्ट भेजा जाएगा. यह सुविधा भारत समेत कई देशों में शुरू की जा रही है.
नए अपडेट से बच्चे होंगे सुरक्षित
मेटा इंडिया की पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर नताशा जोग ने कहा कि किशोरों को सुरक्षित रखना कंपनी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और नए अपडेट्स उन्हें अधिक सुरक्षित तथा उम्र के अनुरूप ऑनलाइन अनुभव प्रदान करेंगे. कंपनी ने फैमिली सेंटर फीचर को भी मजबूत किया है, जिसके माध्यम से माता-पिता इंस्टाग्राम, फेसबुक और मैसेंजर सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अपने बच्चों की गतिविधियों की निगरानी एक ही स्थान से कर सकेंगे.
मिलेगी ऐप पर बिताए कुल समय की जानकारी
आने वाले समय में अभिभावकों को अपने बच्चों द्वारा विभिन्न मेटा ऐप्स पर बिताए गए कुल समय और अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी. कंपनी का कहना है कि इन सुरक्षा उपायों का उद्देश्य किशोरों को ऑनलाइन जोखिमों से बचाना, उन्हें सुरक्षित डिजिटल माहौल उपलब्ध कराना और माता-पिता की भागीदारी को और प्रभावी बनाना है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









