सिवान में गैस संकट पर प्रशासन सख्त, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
सिवान जिले में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर उठ रही शिकायतों के बीच जिला अधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने मंगलवार को शहर स्थित पार्वती गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया.

Bihar (Siwan): सिवान जिले में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर उठ रही शिकायतों के बीच जिला अधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने मंगलवार को शहर स्थित पार्वती गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया. इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने न सिर्फ एजेंसी की कार्यप्रणाली की समीक्षा की, बल्कि उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों को भी गंभीरता से लिया.
जिला अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में पैनिक बुकिंग से दबाव बढ़ा है, जिसके कारण अस्थायी रूप से समस्या उत्पन्न हुई है. हालांकि प्रशासन इस स्थिति को चरणबद्ध तरीके से नियंत्रित कर रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी.
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एजेंसी के वाहनों और एजेंसी की स्थिति पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वाहनों की जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पार्वती गैस एजेंसी सभी निर्धारित गाइडलाइनों और लाइसेंस नियमों का पूरी तरह पालन कर रहे हों. उन्होंने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उपभोक्ताओं के लिए भी जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं. डीएम ने लोगों से अपील की कि वे गैस बुकिंग करने के बाद ही एजेंसी पर जाएं और जब तक डीएससी (डिलीवरी स्टेटस कोड) नंबर न प्राप्त हो, तब तक एजेंसी पर जाने से बचें. बिना डीएससी नंबर के गैस वितरण संभव नहीं है, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था बढ़ती है.
इसके साथ ही प्रशासन ने आम जनता की शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना भी की है. डीएम ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस से संबंधित कोई समस्या होती है, तो वह सीधे कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकता है, जहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
रिपोर्ट: राहुल कुमार
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमीनी विवाद में भाई का दुश्मन बना भाई, खेत से लौट रहे परिवार पर ईंट-पत्थर और कुदाल से हमला

मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत






