मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात, बेटी की लव मैरिज से नाराज पिता ने दामाद की गोली मारकर की हत्या
मृतक की पत्नी तनु कुमारी ने अपने मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. तनु ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसने आयुष कुमार से लव मैरिज की थी. इस शादी से उसका परिवार बेहद नाराज था. इसी नाराजगी के कारण लड़की के पिता ने अपनी ही बेटी का सुहाग उजाड़ डाला, वहीं एक मासूम को अपने पिता के साए से भी वंचित कर दिया.

BIHAR (MUZAFFARPUR): मुजफ्फरपुर जिले से ऑनर किलिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बेटी की लव मैरिज से नाराज पिता ने कथित तौर पर घर में घुसकर अपने दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घर में घुस कर मारी गोली, मौत पर ही हुई मौत
घटना मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के बंगरा गांव की है. मृतक की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अचानक कुछ लोग आयुष के घर में घुस आए और उस पर गोली चला दी. गोली लगते ही आयुष गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. परिजन उसे बचाने की कोशिश करते, इससे पहले मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्य, पड़ोसियों से भी पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल भेज दिया है. घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
लव मैरिज से नाराज था परिवार, कई बार जान से मारने की दी थी धमकी
मृतक की पत्नी तनु कुमारी ने अपने मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. तनु ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसने आयुष कुमार से लव मैरिज की थी. इस शादी से उसका परिवार बेहद नाराज था. शादी के बाद से ही उसे और उसके पति को कई बार जान से मारने की धमकी दी गई थी. तनु के अनुसार, रविवार देर रात उसके पिता प्रेम कुमार, मां और मामा मिलकर अचानक उसके ससुराल पहुंचे और उसके पति आयुष को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई.
आठ महीने का बेटा पिता के साये से हुआ वंचित
तनु ने यह भी बताया कि उसका मायका और ससुराल एक-दूसरे के आसपास ही है. दंपत्ती का आठ महीने का एक बेटा भी है, जो अब पिता के साए से हमेशा के लिए वंचित हो गया. घटना के बाद से तनु और ससुराल पक्ष सदमे में हैं और घर में कोहराम मचा हुआ है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उन्होंने कहा कि जो भी आरोप लगाए गए हैं, उन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
रिपोर्ट: गोविंद कुमार
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत

Begusarai में स्कूल का शौचालय बना शराब गोदाम ! शराब पीकर लड़खड़ाते घर पहुंचा चौथी कक्षा का छात्र






