MP के राजगढ़ में पेट्रोल पंप पर लगी भीषण आग, 12 लोग झुलसे; 12 बाइक और टैंकर जलकर खाक
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक पेट्रोल पंप में भीषण आग लगी. जिसकी चपेट में आने से 12 लोग झुलस गए है. इनमें से एक की हालत गंभीर है. जबकि हादसे में 12 मोटरसाइकिलें और एक पेट्रोल टैंकर जलकर राख हो गया.

Rajgarh / Madhya Pradesh (Report By- Ashok Soni): मध्य प्रदेश में एक बाद एक आगजनी के बड़े-बड़े हादसे सामने आ रहे हैं. ताजा खबर राजगढ़ जिले के पचोर शहर से सामने आई है जहां शहर के बीचों-बीच स्थित चुन्नालाल-मुन्नालाल भारत पेट्रोल पंप पर सोमवार की रात अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में 12 लोग झुलस गए है जिनमें एक की हालत गंभीर है. जबकि 12 मोटरसाइकिलें और एक पेट्रोल टैंकर जलकर खाक हो गया है.

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है. उस समय पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी. इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में कई मोटरसाइकिलें उसकी चपेट में आ गईं. हालांकि, आगलगी के कारणों का अब तक कुछ भी खुलासा नहीं हो सका है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बाइक सवार पेट्रोल भरवाकर बाहर निकला था, उसी वक्त अचानक आग लग गई. इस दौरान घबराहट में कई बाइक सवार अपने-अपने वाहन छोड़कर वहां से दूर भाग गए और आग की चपेट में आई बाइक लुढ़कते हुए पेट्रोल टैंकर के पास पहुंच गई. जिसके बाद आग और तेजी से फैल गई, जिससे आसपास खड़ी अन्य गाड़ियां भी आग की लपटों में आई और जलकर स्वाहा हो गई.
हादसे के वक्त पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी-अपनी जान बचाने के लिए अपने वाहन छोड़कर इधर-उधर भागने लगे. हालांकि कई लोगों ने अपनी बाइक हटाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला. और कुछ ही सेकंड में पूरा पेट्रोल पंप धुएं और आग की लपटों से घिर गया.

मौके पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची. और आग पर काबू पाने का काम शुरु किया, लेकिन टीम ने काफी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. वहीं इस हादसे में पुरानी पचोर निवासी बलराम पिता कपिल गुर्जर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि अन्य 11 लोग भी इस आगलगी के हादसे की चपेट में आकर घायल हुए हैं.
सभी घायलों को पचोर, शाजापुर और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. एक गंभीर घायल को इंदौर रेफर किया गया है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस हादसे के बाद पूरे पचोर शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अब पूरी दुनिया तक पहुंचेगी झारखंड की खूबसूरती ! पर्यटन मंत्री ने किया 'इन्फ्लुएंसर एंगेजमेंट पोर्टल' का शुभारंभ

रायसेन में AI के माध्यम से खनिज विभाग ने अवैध परिवहन पर कसी नकेल, कलेक्टर के निर्देश पर जारी हुए डिमांड नोट







