झारखंड पुलिस की ऐतिहासिक उपलब्धि!, 200 करोड़ की संपत्ति जब्ती से लेकर 113 नक्सलियों की गिरफ्तारी तक, जारी हुआ बड़ा रिपोर्ट कार्ड
झारखंड पुलिस ने 2026 के शुरुआती आठ महीनों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। अभियान में 200 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्ती, 113 नक्सलियों की गिरफ्तारी और करोड़ों के मादक पदार्थ बरामद हुए।

Jharkhand Police: झारखंड पुलिस ने साल 2026 के शुरुआती आठ महीनों यानी जनवरी से अगस्त के दौरान राज्य में संगठित अपराधियों, कुख्यात नक्सलियों और शातिर साइबर ठगों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा और व्यापक अभियान चलाकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस महा-अभियान के दौरान साइबर अपराध पर रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों की जब्ती और आपराधिक वारदातों में बरामदगी के जरिए 200 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय संपत्ति को फ्रीज, रिकवर या सीधे तौर पर जब्त किया गया है।
नशे के सौदागरों पर ताबड़तोड़ प्रहार, 41 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त
राज्य में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने जनवरी से जून 2026 के बीच 435 एफआईआर दर्ज करते हुए कुल 710 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा। इस दौरान बाजार में लगभग 41 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। इसमें 17.30 करोड़ रुपये कीमत का 3,461 किलोग्राम गांजा, 15.30 करोड़ रुपये मूल्य का 10,218 किलोग्राम डोडा, 7.50 करोड़ रुपये की 151 किलोग्राम अफीम और 36 लाख रुपये मूल्य की अवैध ब्राउन शुगर शामिल है। नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए पुलिस ने 4,620 एकड़ में लहलहा रही अवैध अफीम की खेती को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके अलावा संगठित गिरोहों के 193 अपराधियों को दबोचकर 6 लाख रुपये की लेवी राशि और 17.78 लाख रुपये की साइबर अपराध से जुड़ी नकदी बरामद की गई।
साइबर ठगों के बैंक खातों में 150 करोड़ फ्रीज, 8 नए साइबर थानों की सौगात
डिजिटल ठगी पर लगाम लगाने के लिए नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और हेल्पलाइन डायल-1930 का बेहद प्रभावी इस्तेमाल किया गया, जिसकी बदौलत आम जनता के गाढ़े पसीने की करोड़ों की कमाई डूबने से बच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों के अलग-अलग बैंक खातों में 150 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि फ्रीज कराई और 19 करोड़ रुपये पीड़ितों को सुरक्षित वापस दिलाए। साइबर नेटवर्क को तोड़ने के लिए 22,165 मोबाइल नंबर और 10,054 आईएमईआई नंबर ब्लॉक किए गए हैं। वहीं साइबर सुरक्षा तंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, दुमका, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां में 8 नए विशेष साइबर पुलिस थानों का गठन किया गया है।
नक्सलियों के सुरक्षित ठिकाने पूरी तरह ध्वस्त, कई शीर्ष कमांडर ढेर
लगातार चलाए गए सघन नक्सल विरोधी अभियानों का ही नतीजा है कि बूढ़ा पहाड़, सारंडा, पारसनाथ, लुगु पहाड़, झुमरा पहाड़ और कोलेश्वरी जैसे दुर्गम व कुख्यात इलाके अब पूरी तरह से नक्सलमुक्त हो चुके हैं। इस दौरान 1 करोड़ रुपये के इनामी सीसीएल अनल उर्फ पतिराम मांझी, 25 लाख के इनामी सैक कमांडर अनमोल उर्फ सुशांत तथा 15-15 लाख के इनामी अमित मुंडा व सहदेव महतो समेत 22 माओवादी मुठभेड़ में मारे गए। दूसरी तरफ, 1 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा, 25 लाख के इनामी अजय महतो और 15-15 लाख के इनामी रविंद्र गंझू, मेहनत व मदन महतो समेत 113 माओवादियों को पुलिस ने दबोच लिया। इसके अलावा 15 लाख के इनामी संतोष उर्फ बासुदेव सहित 50 नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटते हुए आत्मसमर्पण किया। इन अभियानों में कुल 111 घातक हथियार, जिनमें 81 प्रतिबंधित पुलिस हथियार शामिल हैं, 9,904 जिंदा कारतूस और 11 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
संगठित अपराध, पॉक्सो और मानव तस्करी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 193 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 63 हथियार और 274 कारतूस जब्त किए, जबकि 50 शातिर अपराधियों पर सीसीए (CCA) के तहत सख्त कार्रवाई की गई। मानव तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में 50 से अधिक तस्करों को दबोचकर 140 से ज्यादा महिलाओं और बच्चों को नरक से सुरक्षित मुक्त कराया गया। वहीं नाबालिगों के खिलाफ अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के 653 मामलों में से 298 मामलों का बेहद तेजी से निष्पादन किया गया और 542 आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया। पुलिस के इस ऑलराउंड एक्शन से राज्य भर के अपराधियों में भारी खौफ का माहौल है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







