खंडहर में रची जा रही थी NH-33 पर बड़ी लूट की साजिश, अचानक पहुंची पुलिस और फिर... 3 शातिर गिरफ्तार!
मामला 1 अगस्त की सुबह का है, जब उलीडीह OP क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 में एक वृद्ध महिला हमेशा की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उनसे सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए

Jamshedpur: जमशेदपुर शहर के उलीडीह OP क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई में बुजुर्ग महिला से हुई सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को दबोचते हुए उनके पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, 40 हजार रुपये नकद और सोने का टुकड़ा बरामद किया है। इस कार्रवाई से न केवल छिनतई का मामला सुलझा है, बल्कि एनएच-33 पर हथियार के बल पर होने वाली एक बड़ी लूट की साजिश भी नाकाम हो गई है।
1 अगस्त की सुबह बुजुर्ग महिला को बनाया था शिकार
मामला 1 अगस्त की सुबह का है, जब उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 में एक वृद्ध महिला हमेशा की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उनसे सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर पटमदा DSP दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
CCTV फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी
जांच टीम ने तकनीकी सर्विलांस, इलाके के CCTV फुटेज और मानवीय सूचनाओं के आधार पर तफ्तीश शुरू की। पड़ताल में पुलिस को मुख्य आरोपी बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल का सुराग मिला। 3 अगस्त की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी वसुंधरा एस्टेट के पास स्थित स्वर्णरेखा परियोजना के एक खंडहर क्वार्टर में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए वहां घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से तीन अपराधियों को धर दबोचा।
देशी पिस्तौल, कैश और ज्वेलरी बरामद
पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों की पहचान बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल, हरप्रीत सिंह उर्फ रितिक और राजा बनर्जी उर्फ बड़ा चेला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल, दो कारतूस, 40 हजार रुपये कैश, सोने का टुकड़ा, चार एंड्रॉइड मोबाइल, एक कीपैड फोन और एक डॉगल बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही बुजुर्ग महिला से चेन छीनी थी और उसे बिष्टुपुर की एक सुनार दुकान में बेच दिया था।
NH-33 पर बड़ी वारदात की थी तैयारी
पूछताछ में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। अपराधियों ने कुबूल किया कि वे हथियार के बल पर एनएच-33 (NH-33) पर लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए तीनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ चोरी, लूट, छिनतई और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







